हरसूद के कोविड केयर सेंटर से 2 मरीज स्वस्थ होकर वापस घर गए
खण्डवा 4 मई, 2021 - कोरोना संक्रमित मरीजों का उपचार जिला अस्पताल के कोविड वार्ड के साथ साथ तहसील स्तर पर बनाये गए कोविड केयर सेंटर्स पर भी हो रहा है। इन कोविड केयर सेंटर्स में डॉक्टर्स द्वारा मरीजों का उपचार किया जा रहा है, दवाइयां, भोजन, चाय नाश्ता आदि सब कुछ निःशुल्क उपलब्ध है। हरसूद में प्रदेश के वनमंत्री एवं खण्डवा जिले के कोविड नियंत्रण संबंधी प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह दौरा कर स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा ले चुके है। मंगलवार को हरसूद के कोविड केयर सेंटर से कुल 2 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर वापस गए। इस दौरान एसडीएम डॉ. परीक्षित झाडे, एसडीओपी श्री रविन्द्र वास्कले, विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश जैन सहित विभिन्न अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
मंगलवार को जो मरीज स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए गए, उनमें श्री जयप्रकाश उम्र 35 वर्ष निवासी काशीपुरा तथा श्री राकेश पिता दगडूलाल उम्र 30 वर्ष निवासी मोजवाड़ी शामिल है। इन दोनों मरीजों को कोरोना संक्रमण के कारण सांस लेने में परेशानी हो रही थी। दोनों मरीजों ने अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर जाते समय कोविड केयर सेंटर की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि मंत्री डॉ. शाह ने हरसूद में ही कोरोना मरीजों के उपचार की सुविधा की जो सौगात दी है वह सराहनीय है। दोनों मरीजों ने इस दौरान बताया कि हरसूद के कोविड केयर सेंटर में भर्ती रहने के दौरान किसी तरह की कोई परेशानी नहीं आई। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में कूलर, पंखे, चाय, नाश्ता, खाना व मनोरंजन के लिए एलईडी टीवी जैसी सभी सुविधा यहां उपलब्ध होने से ऐसा लगा ही नही कि वह अस्पताल में भर्ती है।

No comments:
Post a Comment