कलेक्टर श्री द्विवेदी ने वृद्धाश्रम व नशामुक्ति केन्द्र का किया निरीक्षण
खण्डवा 8 अक्टूबर, 2020 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने गुरूवार को रामनगर स्थित दादाजी वृद्धाश्रम व नशामुक्ति केन्द्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने नशामुक्ति केन्द्र में रह रहे लोगों से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि पहले वे नशा करते थे, लेकिन अब नशा मुक्ति केन्द्र में रहकर नशे की आदत उन्होंने छोड़ दी हैं। इस अवसर पर कलेक्टर श्री द्विवेदी ने कहा कि वृद्धाश्रम के लिए और बेहतर भवन व अन्य सुविधाएं शीघ्र ही उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने शीघ्र ही नशामुक्ति केन्द्र व वृद्धाश्रम के लिए प्रस्तावित भवन का निरीक्षण करने की बात भी कहीं। कलेक्टर श्री द्विवेदी को वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों ने बताया कि यहां सब व्यवस्थाएं ठीक है, उन्हें यहां कोई परेशानी नहीं है। वृद्धजनों ने कलेक्टर श्री द्विवेदी से कहा कि वे आगे भी वृद्धाश्रम आकर यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहें। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर श्री श्रेयांश कुमट, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अनुभा जैन व वृद्धाश्रम की जिला समन्वयक श्रीमती अनिता सिंह तथा श्री नारायण बाहेती भी मौजूद थे।



No comments:
Post a Comment