मांधाता विधानसभा उप निर्वाचन के लिए मतदान दलों को दिया गया प्रशिक्षण
खण्डवा 7 अक्टूबर, 2020 - मांधाता विधानसभा उप निर्वाचन के लिए आगामी 3 नवम्बर को मतदान सम्पन्न होगा। मतदान के लिए नियुक्त सभी पीठासीन अधिकारी व उनके मतदान दल के अन्य अधिकारियों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण स्थानीय एस.एन. कॉलेज के नए भवन में दिया गया। उल्लेखनीय है कि यह प्रशिक्षण 9 अक्टूबर तक मतदान दलों को दिया जायेगा। प्रशिक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एस.एल. सिंघाड़े ने उपस्थित मतदान दलों के अधिकारियों से कहा कि वे प्रशिक्षण में बताई जानकारी को अच्छी तरह समझ लें तथा पीठासीन अधिकारी के प्रशिक्षण के लिए दी गई पुस्तिका का अच्छी तरह अध्ययन कर लें, ताकि मतदान के दिन उन्हें समस्या न आये। कोई भी प्रश्न उनके मन में हो तो आज अपने मास्टर ट्रेनर्स से उसके बारे में जानकारी प्राप्त कर लें। उन्होंने उपस्थित सभी पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान वे निष्पक्ष व निडर रहकर कार्य करे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एस.एल. सिंघाड़े ने कहा कि मतदान दल के सदस्य उन्हें मिली वीवीपैट मशीन को धूप से बचाकर रखे, क्योंकि धूप में मशीन का सेंसर खराब होने की संभावना रहती है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से मॉकपोल की प्रक्रिया व ईव्हीएम मशीन की सीलिंग प्रक्रिया के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने इस दौरान पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के दिन मतदान से पूर्व निर्धारित समय पर मॉकपोल अवश्य सम्पन्न कराये तथा यह ध्यान रखे की मॉकपोल के समय विभिन्न अभ्यार्थियों के मतदान एजेंट भी उपस्थित रहे। सभी मतदान एजेंटों के निर्धारित प्रपत्र पर हस्ताक्षर करा लें। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन प्रत्येक 2-2 घंटे के अंतराल से अपने मतदान केन्द्र के मतदान प्रतिशत की जानकारी सेक्टर अधिकारी को देते रहें। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंघाड़े ने प्रशिक्षण में बताया कि किसी भी मतदान केन्द्र के भीतर व बाहर यदि कोई व्यक्ति शांतिभंग करने का प्रयास करता है तो वहां तैनात पुलिस कर्मी को उस व्यक्ति को वहां से हटाकर उसके विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही के निर्देश दें। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी यह जरूर समझ लें कि मॉकपोल के बाद ईव्हीएम से मॉकपोल के दौरान डाले गए वोट क्लियर जरूर किए जायेें। इसी तरह मतदान सम्पन्न होने के बाद शाम को ई.व्ही.एम. मशीन का क्लोज बटन जरूर दबा दें। मास्टर ट्रेनर श्री श्री कुलदीप फरे व अन्य मास्टर ट्रेनर्स ने मतदान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया की बारिकियां समझायीं।
No comments:
Post a Comment