कोरोना के निःशुल्क इलाज हेतु ‘‘मुख्यमंत्री कोविड उपचार योजना‘‘ लागू
आयुष्मान योजना पर निजी अस्पतालों को दिया जाएगा विशेष पैकेज
खण्डवा 7 मई, 2021 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर प्रदेश में कोरोना मरीजों के निःशुल्क इलाज के लिए नई योजना ‘‘मुख्यमंत्री कोविड-19 उपचार योजना‘‘ लागू की जा रही है। इसके अंतर्गत प्रदेश के गरीब एवं आम आदमी को जहां तक मध्यम वर्गीय व्यक्ति को भी कोरोना का निःशुल्क इलाज अनुबंधित निजी अस्पतालों में मिल सकेगा। इस योजना के तहत आयुष्मान भारत योजना पर निजी अस्पतालों को राज्य सरकार द्वारा विशेष पैकेज दिया जाएगा। सरकार निजी अस्पतालों को कोविड इलाज के लिए अनुबंधित करेगी। प्रदेश के मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस व अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टर्स को संबोधित कर योजना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सभी कलेक्टर्स को अपने अपने जिले में जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम बनाने तथा उसका फोन नम्बर प्रचारित करने के निर्देश दिए।
सीटी स्केन, ऑक्सीजन, दवाओं, इंजेक्शन आदि की निःशुल्क व्यवस्था
इस योजना के अंतर्गत सीटी स्केन आदि जाँचें भी निःशुल्क होंगी तथा दवाएँ, रेमडेसिविर इंजेक्शन, ऑक्सीजन आदि भी निःशुल्क मिलेंगे।
कलेक्टर कर सकेंगे निजी अस्पतालों को संबद्ध
प्रत्येक जिले के निजी अस्पतालों में कोरोना संक्रमित मरीजों को निःशुल्क इलाज मिल सके, इसके लिये जिला स्वास्थ्य समिति को अधिकृत किया गया है, जिसके अध्यक्ष कलेक्टर्स होते है। जिला कलेक्टर अपने जिले के निजी अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अस्थाई रूप से संबद्ध कर सकेंगे। इससे इन सभी निजी अस्पतालों में, जहाँ वर्तमान में कोरोना का इलाज किया जा रहा है, आयुष्मान कार्ड धारियों को कोरोना का निःशुल्क इलाज मिल सकेगा।
परिवार में यदि एक सदस्य का कार्ड है, तो अन्य सदस्यों को भी मिलेगी सुविधा
सरकार ने निर्णय लिया है कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत यदि परिवार के एक सदस्य के पास आयुष्मान कार्ड है, तो परिवार के अन्य सदस्यों को भी निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी। परिवार के जिस सदस्य का उपचार किया जाना है उस पर यदि आयुष्मान कार्ड नहीं है तो पात्रता पर्ची, समग्र आईडी या राजपत्रित अधिकारी का प्रमाण के आधार पर मरीज का उपचार होगा। कोविड इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती होने पर कलेक्टर उसका आयुष्मान कार्ड बनवाने की व्यवस्था करेंगे।
5 हजार रुपये डॉयग्नोस्टिक एडवांस
निजी अस्पताल कोविड का इलाज इस योजना के अंतर्गत अच्छे तरीके से कर सकें, इसके लिये सरकार द्वारा आयुष्मान भारत पैकेज की दरों को 40 प्रतिशत बढ़ाया गया है। इन दरों में रूम रेंट, भोजन, जाँचें, परामर्श शुल्क, पैरामेडिकल शुल्क आदि सभी सम्मिलित हैं। राज्य सरकार द्वारा योजना के अंतर्गत इलाज करवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को एडवांस डॉयग्नोस्टिक के लिये 5 हजार रुपये दिये जायेंगे। इस योजना के अंतर्गत 5 हजार रुपये प्रत्येक पात्र परिवार को दिये जाते हैं।
No comments:
Post a Comment