कोविड के विरूद्ध अभियान को प्रदेश में जनआंदोलन बनाया जाए
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोरोना नियंत्रण कोर ग्रुप की बैठक ली
खण्डवा 9 मई, 2021 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोविड के विरूद्ध अभियान को प्रदेश में जन-आंदोलन बनाया जाए। इसमें समाज के सभी वर्गों को जोड़ा जाए। गाँव-गाँव, शहर-शहर सर्वे कर एक-एक छुपे मरीज की पहचान की जाए तथा उसे दवा देकर स्वस्थ किया जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान शनिवार को निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना नियंत्रण कोर ग्रुप की बैठक ले रहे थे। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में हर कोविड मरीज को इलाज के लिए आवश्यकता अनुसार सामान्य, ऑक्सीजन एवं आई.सी.यू. बिस्तर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए हर जिले में निरंतर बिस्तर बढ़ाए गए हैं। सभी जिले यह सुनिश्चित करें, कि हर कोविड मरीज को उपचार के लिए अस्पतालों में बिस्तर मिलें।
कोरोना को छुपाएँ नहीं बल्कि इसका इलाज करायें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना को छुपाएँ नहीं बताएँ। शुरू में ही दवा प्रारंभ होने पर यह बीमारी ठीक हो जाती है, परन्तु विलंब करने पर जानलेवा हो जाती है। किल कोरोना अभियान के अंतर्गत घर-घर सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। नगरों में कोविड सहायता केन्द्र बनाए जा रहे हैं। सर्दी-जुकाम, खाँसी आदि के मरीज निःशुल्क मेडिकल किट प्राप्त करें और तुरंत दवाएँ लें।
75 प्रतिशत मरीज होम आइसोलेशन में हैं
प्रदेश में कुल कोरोना मरीजों में 75 प्रतिशत होम आइसोलेशन में हैं तथा 25 प्रतिशत अस्पतालों में है, जिनमें से 14 प्रतिशत ऑक्सीजन बैड्स पर, 7 प्रतिशत आई.सी.यू बैड्स पर तथा 4 प्रतिशत मरीज सामान्य बैड्स पर हैं।
515 कोविड मरीजों को कोविड उपचार योजना का लाभ मिलने लगा है
मुख्यमंत्री कोविड उपचार योजना के अंतर्गत वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 515 पात्र मरीजों को निःशुल्क कोविड इलाज का लाभ दिया जा रहा है। इसमें 19 लाख 46 हजार 700 रूपए की राशि आज की तिथि में अस्पतालों को शासन की ओर से दी जाएगी।
प्रायवेट अस्पतालों से मरीजों को 16 लाख रूपए वापस दिलाये
प्रदेश में कोविड के इलाज के लिए निजी चिकित्सालयों द्वारा अधिक राशि लिए जाने के कुल 72 प्रकरणों में 15 लाख 97 हजार रूपए की राशि मरीजों के परिजनों को लौटाई गई है और 25 व्यक्तियों के विरूद्ध एफ.आई.आर दर्ज की गई।
कोविड अस्पतालों में जनरेटर की व्यवस्था हो
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि हर अस्पताल में बिजली संबंधी सुरक्षा पर ध्यान दिया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक अस्पताल में जनरेटर की व्यवस्था हो।
No comments:
Post a Comment