AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Thursday, 6 May 2021

कोरोना नियंत्रण हेतु ब्लॉक व पंचायत स्तर पर बनेंगे क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप

 कोरोना नियंत्रण हेतु ब्लॉक व पंचायत स्तर पर बनेंगे क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी से घरों में ही रहने की अपील की

खण्डवा 6 मई, 2021 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को आयोजित वीडियो कान्फ्रेंस में संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण की गति को नियंत्रित करने के उद्देश्य से 15 मई तक कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराया जायें। उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि कोरोना नियंत्रण के लिए स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने के उद्देश्य से विकासखण्ड व ग्राम पंचायत स्तर पर भी क्राइसिस मेनेजमेंट ग्रुप गठित किए जायें। ब्लॉक स्तरीय ग्रुप में एसडीएम व क्षेत्रीय विधायक शामिल रहें। ग्राम पंचायत स्तरीय ग्रुप में सचिव, सरपंच व ग्राम रोजगार सहायक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल किए जायें, जो कि स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से निर्णय ले सकें। कलेक्ट्रेट खण्डवा के वी.सी. रूम में विधायक पंधाना श्री राम दांगोरे, कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सेवादास पटेल सहित विभिन्न अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

गरीब परिवारों को कोरोना उपचार के लिए मिलेगा आयुष्मान भारत योजना का सहारा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस दौरान कहा कि कोरोना उपचार के लिए गरीब परिवारों की मदद करने के उद्देश्य से आयुष्मान भारत योजना के तहत निजी अस्पतालों में कोविड उपचार के लिए पैकेज तैयार किया गया है, इससे गरीब परिवारों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि किल कोरोना अभियान के तहत सर्वे दल ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में घर घर जायेंगे तथा जुकाम, खांसी, बुखार के लक्षण वाले लोगों को चिन्हित कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित करेंगे।

कोरोना संक्रमण वाले गांवों में मनरेगा के काम बंद करें

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में कोरोना पॉजिटिव मरीज है वहां मनरेगा योजना के कार्य भी बंद किए जायें तथा जिन गांवों में कोरोना के मरीज नहीं है वहां पूरी सावधानी के साथ मनरेगा के कार्य चालू रखे जायें। उन्होंने कि गरीब परिवारों को 25 किलो प्रति सदस्य के मान से मुफ्त खाद्यान्न दिया जा रहा है, ताकि लॉकडाउन के कारण यदि गरीब लोग मजदूरी के लिए न जा सके तो भी उनके घर खाद्यान्न की कमी न हो। 

कोविड हेल्प सेंटर बनाए जायेंगे

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में कोविड हेल्प सेंटर संचालित किए जायें, जो कि मोहल्ला क्लीनिक की तरह काम करेंगे। उन्होंने सभी से अपील की कि अगले कुछ दिनों तक शादी, ब्याह समारोह आयोजित न करे तथा उठावने के कार्यक्रमों में भी आना जाना न करे, क्योंकि इस तरह के सामूहिक कार्यक्रमों से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि सकारात्मक खबरें प्रकाशित कर समाज में लोगों का मनोबल बढ़ायें।

No comments:

Post a Comment