AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Wednesday 10 February 2016

जल महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया पर्यटन मंत्री श्री पटवा ने

जल महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया पर्यटन मंत्री श्री पटवा ने
हनुवंतिया में ट्रेवल एवं टूर ऑपरेटर के सम्मेलन का भी 12 फरवरी को होगा शुभारंभ




खण्डवा 10 फरवरी ,2016 - आगामी 12 फरवरी से जिले की पुनासा तहसील के हनुवंतिया में आयोजित होने वाले 10 दिवसीय जल महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने आज प्रदेष के पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा हेलीकाप्टर से हनुवंतिया आये। मुख्यमंत्री जी के प्रमुख सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, मुख्यमंत्री जी के सचिव श्री हरीरंजन राव, भी उनके साथ थे। पर्यटन मंत्री श्री पटवा ने हनुवंतिया में टूरिस्ट कॉम्पलेक्स का भ्रमण कर की जा रही तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने हनुवंतिया में बसायी गई टेंट नगरी को भी देखा तथा स्थानीय प्रबंधकों को पर्यटकों की सुविधा के लिये सभी आवष्यक इंतजाम करने के निर्देष दिये। पर्यटन मंत्री श्री पटवा हनुवंतिया के पास स्थित बोरियामाल टापू भी गये। इस दौरान  क्षेत्रीय विधायक श्री लोकेन्द्र सिंह तोमर, कलेक्टर डॉ. एम.के.अग्रवाल, मुख्य वन संरक्षक श्री पंकज श्रीवास्तव, वन संरक्षक श्री एस.एस.रावत, पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सिंह कुषवाह, अपर कलेक्टर अनुराग सक्सेना सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे। पर्यटन मंत्री श्री पटवा ने बोरियामाल टापू पर उपस्थित अधिकारियों की बैठक लेकर हनुवंतिया व वहां के आसपास स्थित टापूओं पर पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय शहरीय विकास मंत्री श्री वेंकैया नायडू एवं प्रदेष के मुख्यमंत्री श्री चौहान 12 फरवरी को अपरान्ह 4 बजे जल महोत्सव का शुभारंभ तो करेंगे ही साथ ही हनुवंतिया में ट्रेवल एवं टूर ऑपरेटर के सम्मेलन का भी शुभारंभ करेंगे। 
हनुवंतिया में हर साल आयोजित होगा जल महोत्सव
पर्यटन राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा ने हनुवंतिया में आयोजित बैठक में बताया कि प्रदेष सरकार पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिये कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि पर्यटन से एक साथ बहुत सारे लोगों को रोजगार तो मिलता ही है, साथ ही पर्यटन केन्द्र स्थापित होने से आसपास का क्षेत्र स्वतः विकसित होने लगता है और वहां के निवासियों की आय बढ़ने से उनके जीवन स्तर में निष्चित ही सुधार देखने को मिलता है। श्री पटवा ने इस दौरान कहा कि प्रदेष सरकार ने निर्णय लिया है कि हनुवंतिया में इस वर्ष 12 फरवरी से प्रारंभ जल महोत्सव हर साल आयोजित किया जायेगा। 
जल महोत्सव में 10 दिनों तक आयोजित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
12 से 21 फरवरी के बीच हनुवंतिया में आयोजित होने वाले 10 दिवसीय जल महोत्सव में आने वाले पर्यटकों के मनोरंजन के लिए प्रत्येक दिन संध्या काल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। पर्यटन निगम के प्रबंध संचालक श्री हरीरंजन राव ने बताया कि 12 फरवरी को रात्रि 7 बजे से संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुत किया जायेगा। महोत्सव के दूसरे दिन 13 फरवरी को संध्या काल में प्रहलाद टिपाणिया द्वारा कबीर गायन प्रस्तुत किया जायेगा। तीसरे दिन 14 फरवरी को लोकनृत्य प्रस्तुत होगा, जबकि चौथे दिन 15 फरवरी व पांचवे दिन 16 फरवरी को मैहर बैंड द्वारा आकर्षक प्रस्तुति दी जायेगी। छठवें दिन 17 फरवरी को लोकनृत्य एवं सातवें दिन 18 फरवरी को मुनब्बर मासूम का कवाली गायन, आठवें दिन 19 फरवरी व नवें दिन 20 फरवरी को लोकनृत्य तथा दसवें व समापन दिवस पर रागिनी मक्कड़ द्वारा बेले डांस प्रस्तुत किया जायेगा।
पर्यटकों को आकर्षित करने के लिये जल क्रीड़ा व साहसिक खेल भी आयोजित होंगे
हनुवंतिया में वॉटर-स्पोर्ट कॉम्पलेक्स भी स्थापित किया जा रहा है। जल महोत्सव के दौरान पर्यटकों को हनुवंतिया में आकर्षित होने के लिए बर्ड वाचिंग, ट्रेकिंग, ट्रेजरहंट, जैसी गतिविधियां तो आयोजित की ही जायेगी। इसके साथ साथ स्थानीय कलाकारों को भी इन कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। हनुवंतिया में आयोजित होने वाले 10 दिवसीय जल महोत्सव के दौरान आईलैंड केम्पिंग, विन्ड सर्फिंग, पेरासेलिंग, वॉटर स्काईंग, जेटस्काईंग, बनाना बोट राईड तथा वाटर जोविंग जैसे जल में खेले जाने वाले साहसिक खेल आयोजित होंगे। इसके अलावा हॉट एयर बेलूनिंग, पेरासेलिंग एवं पेरा मोटर्स जैसे वायु में खेले जाने वाले साहसिक खेल भी आयोजित होंगे। इसके साथ ही जल महोत्सव में बेलगाड़ी दौड़, वॉलीवाल, रस्साकसी, साईकिल टूर व पतंगबाजी उत्सव भी हनुवंतिया में आयोजित किया जायेगा।                       
हनुवंतिया में पर्यटकों की सुविधा व मनोरंजन के लिये की गई है व्यवस्थाएं
मध्य प्रदेष पर्यटन विकास निगम द्वारा आयोजित 10 दिवसीय जल महोत्सव मध्य भारत का अब तक का सबसे बड़ा जल, रोमांच, एवं साहसिक खेलो का महा आयोजन है। आगामी 12 से 21 फरवरी तक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए आयेाजित जल महोत्सव में  साहसिक एवं रोमांचकारी गतिविधियों के साथ साथ वॉटर-स्पोर्ट, पतंगबाजी, व्हालीबाल आदि स्पर्धा होगी। इस दौरान यहां फूड एवं क्रॉफ्ट बाजार भी सजेगा। उल्लेखनीय है कि हनुवंतिया टापू को एक आकर्षक पर्यटन-केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, तथा यहाँ पर्यटकों के रुकने के लिये 10 कॉटेज बनाये गये हैं। एक क्रूज के साथ साथ दो मोटर-बोट व एक जल परी का इंतजाम भी किया गया है। पर्यटन-स्थल हनुवंतिया में सैलानियों के पहुँचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। पर्यटन विकास निगम द्वारा हनुवंतिया पर बोट-क्लब एवं रेस्टोरेंट तैयार करवाये गये हैं। 

No comments:

Post a Comment