AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Saturday 13 January 2018

खानशाह वली क्षेत्र में आयोजित हुआ विधिक साक्षरता शिविर

खानशाह वली क्षेत्र में आयोजित हुआ विधिक साक्षरता शिविर

खण्डवा 13 जनवरी, 2018 - जिला न्यायालय के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को हजरत खानशाहवली वार्ड में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए, जिन्हें विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन के कानूनी और मौलिक अधिकार, उत्तरदायित्व और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्राधिकरण के जिला विधिक सहायता अधिकारी चंद्रेश मंडलोई के कुशल मार्गदर्शन एवं संरक्षण में आयोजित इस शिविर में पेरालीगल वॉलेंटियर्स भी शामिल हुए।
जो व्यवहार हमे स्वयं के लिये गलत लगे, वो अपराध है
न्यायाधीश श्री अकबर शेख ने बड़े ही व्यावहारिक ढंग से कानूनी समझाइश दी। उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई भी ऐसा गलत काम जो स्वयं के लिये हमें पसंद नहीं वह अपराध है। जिस प्रकार हमारे साथ कोई मारपीट करे, चोट पहुुंचाए या हमें कष्ट दे तो ये हमें पसंद नहीं है, यही व्यवहार कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि हमें किसी पर अत्याचार भी नहीं करना है और न किसी के अत्याचार के शिकार होना है। हमें ये पता होना चाहिए कि हमारे साथ गलत होने पर कहां जाकर हमें मदद लेनी है। 
कानून देता है संपत्ति और शरीर की सुरक्षा की ग्यारंटी
जिला विधिक अधिकारी श्री चंद्रेश मंडलोई ने कहा कि कानूनी मदद लेना हमारा अधिकार है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा आमजन के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। जननी एक्सप्रेस, डायल-100, वन स्टॉप सेंटर सहित अन्य ऐसी योजनाएं हैं जिनका लाभ आमजन उठा सकते हैं। श्री मंडलोई ने कहा कानून का पालन करना और अपराध घटित होने पर किसी की मदद करना हमारा कर्तव्य है। कानून हमारी संपत्ति और शरीर की सुरक्षा की ग्यारंटी देता है। उन्होंने कहा कि आमजन की मदद के लिए पुलिस, सामाजिक संस्थाएं, विधिक सेवा प्राधिकरण सहित अन्य माध्यम हैं। जहां जाकर हम कानूनी मदद ले सकते हैं। 
कानूनी सलाह लेने पहुंचे क्षेत्रवासी
जुबेदा हाल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विधिक साक्षरता शिविर की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पहुंचे। यहां उन्होंने कानूनविदों के समक्ष अपनी कानूनी समस्याएं रखकर उनके निराकरण के लिए सलाह मांगी। इस पर उन्हें कानूनी समझाइश दी गई। कार्यक्रम में ही पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारी भी पहुंचे थे, जिन्होंने क्षेत्रवासियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। इस दौरान पैनल लॉयर श्री शेलेंद्र कलमे, चेतन गौहर ने भी अपनी बात रखी। 

No comments:

Post a Comment