आदिवासी विद्यार्थियों को जबलपुर,भोपाल,ग्वालियर, इंदौर में मिलेगी निःशुल्क कोचिंग
खण्डवा 14 अगस्त, 2019 - प्रदेश में अनुसूचित जनजाति वर्ग के स्कूली विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिये कोचिंग देने की ‘‘आकांक्षा योजना‘‘ संचालित है। जबलपुर, भोपाल, ग्वालियर और इंदौर में 800 विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग दिलाई जा रही है। चयनित विद्यार्थी जेईई, नीट और क्लेट की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा नई दिल्ली में प्रदेश के अनुसूचित जाति वर्ग के 97 विद्यार्थियों को यूपीएससी परीक्षा की निःशुल्क कोचिंग दिलाई जा रही है।
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग और संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के विभिन्न चरणों में सफल अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिये प्रोत्साहन योजना चलाई जा रही है। संघ लोक सेवा आयोग की अखिल भारतीय सिविल सेवा परीक्षा में अभ्यर्थी को प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर 40 हजार, मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण होने पर 60 हजार एवं साक्षात्कार के बाद सफल होने पर 50 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दिये जाने का प्रावधान है। आय सीमा का किसी भी तरह का बंधन नहीं है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में विभिन्न स्तरों पर सफल जनजातीय अभ्यर्थियों को भी प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर 20 हजार, मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर 30 हजार और साक्षात्कार के बाद सफल होने पर 25 हजार रुपये की राशि दी जा रही है।
No comments:
Post a Comment