AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Monday, 19 August 2019

जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में पहुंच मार्गो की स्थिति सुधारें - कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल

जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में पहुंच मार्गो की स्थिति सुधारें
- कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल 

खण्डवा 19 अगस्त, 2019 - सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण करें। अगले एक सप्ताह में सभी जिला अधिकारी उनके स्तर पर लंबित शिकायतों का हरहाल में निराकरण सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होंने बैठक में निर्देश दिए कि जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र में सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक तैयारियां अभी से प्रारंभ करें, ताकि वर्षा समाप्त होते ही सड़कों की स्थिति बेहतर हो सके। उन्होंने इसके लिए लोक निर्माण विभाग, सड़क विकास निगम व राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की शीघ्र ही एक बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए है। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में स्कूलों के पहुंच मार्ग की स्थिति सुधारने के लिए कार्य योजना बनाएं तथा जहां जरूरी हो वहां पंचपरमेश्वर योजना में उपलब्ध राशि से स्कूलों के पहुंच मार्ग निर्मित कराये जायें।
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि जननी एक्सप्रेस व एम्बूलेंस का भौतिक सत्यापन कर उनके रिकार्ड की जांच करंे तथा वाहन चालक के लायसेंस व अन्य दस्तावेज चेक किए जायें। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले केंसर स्क्रीनिंग शिविर में अवश्य जाएं तथा वहां की व्यवस्थाओं को देखें। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में वे स्वयं भी जायेगी। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सेक्टर व विकासखण्ड स्तर पर आयोजित होने वाली बैठकें एक साथ लें, जिसमें विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी व सीडीपीओ तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व स्वास्थ्य कार्यकर्ता संयुक्त रूप से उपस्थित हो। 
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि कायाकल्प अभियान के तहत जिले के सभी सिविल अस्पतालों में सेवाओं की गुणवत्ता सुधारें तथा स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप मरीजों को सेवा उपलब्ध करायें। उन्होंने सभी एसडीएम को उनके क्षेत्रों में स्थित शासकीय अस्पतालों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने सहायक संचालक मत्स्य उद्योग को निर्देश दिए कि सभी जनपद पंचायतों से मछली पालन के लिए तालाब पट्टे पर देने हेतु विज्ञापन करायें, ताकि मत्स्य पालक स्वसहायता समूह में मछली पालन कर अपनी आय बढ़ा सके। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्री राजेश जैन, हरसूद , पंधाना व खण्डवा के एसडीएम , तहसीलदार व जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिक अधिकारी भी मौजूद थे।  

No comments:

Post a Comment