‘‘आपकी सरकार आपके द्वार‘‘ कार्यक्रम में आरूद के ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गई
अधिकारियों ने पोखरखुर्द व फतेहपुर के कार्यालयों का निरीक्षण किया
खण्डवा 16 अगस्त, 2019 - ‘‘आपकी सरकार आपके द्वार‘‘ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह ने पंधाना विकासखण्ड के ग्राम आरूद में ग्रामीणों समस्याएं सुनी। इस दौरान पंधाना विधायक श्री राम दांगौरे के साथ उन्होंने पोखरखुर्द व फतेहपुर ग्राम का भ्रमण कर वहां संचालित हाई स्कूल, प्राथमिक शाला, माध्यमिक विद्यालय, आंगनवाड़ी केन्द्र, उचित मूल्य दुकान, ग्राम पंचायत सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उपस्थित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम पंधाना श्रीमती हेमलता सोलंकी, तहसीलदार पंधाना श्रीमती राधा महंत सहित विभिन्न विभागों के जिला व विकासखण्ड स्तरीय अधिकारीगण मौजूद थे।
विधायक श्री दांगौरे व जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने ग्राम पोखरखुर्द में माध्यमिक शाला में विद्यार्थियों से चर्चा कर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल में बच्चों से मध्यान्ह भोजन के बारे में जानकारी ली। विधायक श्री दांगौरे व जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने प्राथमिक स्कूल पोखरखुर्द में विद्यार्थियों से चर्चा की और उनसे मध्यान्ह भोजन वितरण के बारे में जानकारी ली। बच्चों द्वारा स्कूल में शौचालय व पंखे लगाने की मांग की, जिस पर जिला पंचायत सीईओ श्री सिंह ने स्कूल में पंखे की व्यवस्था करने तथा शौचालय बनवाने के निर्देश दिए। वहीं पोखरखुर्द पंचायत के चारो तरफ बाउन्ड्रीवाल बनाने के निर्देश भी जिला पंचायत सीईओ श्री सिंह ने दिए। जिला पंचायत सीईओ श्री सिंह ने पंचायत के सूचना पटल पर आवास योजना से संबंधित हितग्राहियों की सूची लगाने के निर्देश भी दिए। जिला पंचायत सीईओ ने पोखरखुर्द के आंगनवाड़ी केन्द्र में कुपोषित बच्चों को थर्ड मील वितरण के बारे में भी जानकारी ली और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनवाड़ी के सौदर्यीकरण के लिए आवश्यक कार्य कराने के निर्देश दिए।
विधायक श्री दांगौरे व जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने ग्राम पोखरखुर्द में उचित मूल्य की दुकान में जाकर वहां खाद की उपलब्धता व खाद्यान्न वितरण के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने गांव में नाली निर्माण व सड़क मरम्मत कराने की शिकायत जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह से की, जिस पर उन्होंने गांव में नाली निर्माण व सड़क मरम्मत कराने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए। विधायक श्री दांगौरे व जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने पोखरखुर्द में आयोजित ग्राम चौपाल में भी ग्रामीणजनों की समस्याएं सुनी। विधायक श्री दांगौरे व जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने ग्राम फतेहपुर का दौरा कर वहां ग्रामीणों ने गांव में जल निकासी व सड़क मरम्मत की समस्याएं बताई, जिस पर सीईओ जिला पंचायत श्री सिंह ने गांव में पानी निकासी एवं सड़क मरम्मत व्यवस्था दूरस्थ कराने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। विधायक श्री दांगौरे व जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने फतेहपुर गांव में स्थित स्कूल का भी निरीक्षण किया और वहां के प्राचार्य को निर्देश दिए कि यहां विद्यार्थियों की व्यवस्था के लिए पंखे लगाए जायें और पढ़ाई की गुणवत्ता पर ध्यान दिये जाने की आवश्यकता बताई।
विधायक श्री दांगौरे व जिला पंचायत के सीईओ श्री सिंह ने आरूद के पंचायत परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने गांव के हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता योजना व लाड़ली लक्ष्मी योजना से संबंधित प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इससे पूर्व जनसमस्या निवारण शिविर का शुभारंभ अतिथियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर व दीप प्रज्जवलित कर किया। जिला पंचायत सीईओ श्री सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आज प्राप्त आवेदनों का निराकरण आज ही किया जाये।
No comments:
Post a Comment