AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Monday, 14 January 2019

मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें - कलेक्टर श्री गढ़पाले

मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें
- कलेक्टर श्री गढ़पाले

खण्डवा 14 जनवरी, 2019 - प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में लागू मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना के तहत जिन किसानों के कर्ज माफ किए जाना है, उन किसानों की सूची सभी ग्राम पंचायतों तथा बैंको के सूचना पटल पर प्रदर्शित की जायेगी। कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए है कि पंचायत सचिवों व रोजगार सहायकों के माध्यम से इस योजना में लाभान्वित होने वाले किसानों की सूची कृषि विभाग से प्राप्त कर 15 जनवरी से ग्राम पंचायत के सूचना पटल पर प्रदर्शित की जाये। उन्होंने कलेक्ट्रेट में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सहकारी बैंक व वाणिज्यिक बैंको के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे भी अपनी शाखा से संबंधित ऐसे किसानों की सूची बैंक के सूचना पटल पर चस्पा करायें, जो कि मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना के तहत लाभान्वित किए जाना है। उन्होंने कहा कि यह कार्य 15 जनवरी से हर हाल में कराना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. इवने सहित एसडीएम व जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना में राज्य शासन स्तर से प्रत्येक कार्य के लिए समय सीमा तय की गई है, उसी समय सीमा के अनुसार कार्य सम्पन्न किए जायें। उन्होंने उपसंचालक कृषि को निर्देश दिए कि इस योजना के क्रियान्वयन के दौरान वरिष्ठ विकास कृषि अधिकारियों तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को उनके क्षेत्र के जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों व एसडीएम के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने हेतु निर्देशित करें। उन्होंने प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर इस योजना के क्रियान्वयन के लिए विकासखण्ड स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि वाणिज्यिक बैंकों से हितग्राही किसानों के नाम अंग्रेजी के साथ साथ हिन्दी में भी सूची में दर्ज कर प्रदर्शित किया जाये। 
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने सभी एसडीएम व रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधानसभा निर्वाचन के दौरान जिन मतदान केन्द्रों के बीएलओ द्वारा लापरवाही बरती गई थी, उनके विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होंने छात्रावास व आश्रमों में रहने वाले विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालगृहों के निरीक्षण के लिए जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगी है, वे उनका नियमित रूप से निरीक्षण करे तथा व्यवस्थाओं में सुधार के लिए रिपोर्ट दें। इसके अलावा कलेक्टर श्री गढ़पाले ने गरीब व निराश्रित पेंशनरों के पेंशन खाते में आधार नम्बर से लिंक करवाने तथा पेंशनरों के फोटो खाते से जुड़वाने के निर्देश सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी बीमा योजना तथा जनश्री बीमा योजना का लाभ आम नागरिकों को नहीं मिल रहा है, अतः सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुनिश्चित करे कि पात्र पीड़ित परिवारों को इन बीमा योजनाओं का लाभ मिले। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला टीकाकरण अधिकारी को निर्देश दिए कि 15 जनवरी से प्रारंभ होने वाले मीजल्स रूबेला टीकाकरण विशेष अभियान के दौरान खालवा विकासखण्ड के गुलाई व सेंधवाल सेक्टर में एनीमिया व सिकलसेल रोग से संबंधित टीकाकरण भी कराया जाये, ताकि वहां के बच्चों की कुपोषण व अन्य बीमारियों से मुक्त किया जा सके। 

No comments:

Post a Comment