AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Thursday, 11 July 2019

मक्का फसल में फॉल आर्मी वर्म कीट की संभावना व सुरक्षा के उपाय

मक्का फसल में फॉल आर्मी वर्म कीट की संभावना व सुरक्षा के उपाय

खण्डवा 11 जुलाई, 2019 - उप संचालक कृषि श्री आर.एस. गुप्ता ने बताया कि जिले में मक्का फसल का क्षेत्र लगभग 25000 हेक्टर में किसानों द्वारा बोने की संभावना है। मक्का फसल में फॉल आर्मीवर्म कीट आने की संभावना है। कृषि वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. अक्षय जैन, प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखण्ड पंधाना श्री यू.एस. आर्य एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्रीराम बावने द्वारा विकासखण्ड पंधाना के रूस्तमपुर, पिपलोदखुर्द, कुमठी, मोरधड़, गांधवा, सिंगोट, पाडल्या आदि ग्रामों का दौरा किया। इसके अलावा उन्होंने खण्डवा विकासखण्ड के ग्राम जसवाड़ी, सिरपुर एवं खालवा विकासखण्ड के बोरखेडा, ताल्याधड़  के ग्रामों का दौरा कर वहां बोई गई मक्का फसल में फॉल आर्मीवर्म कीट के प्रकोप का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि इन ग्रामों में वर्तमान में मक्का फसल कम अवधि की है, उसमें फॉल आर्मीवर्म कीट का प्रकोप नही देखा गया, लेकिन 10 जुलाई को वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पुनासा श्री बी.एल.टेलर एवं एन.एस. कनासिया ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा विकासखण्ड पुनासा में क्षेत्र भ्रमण के दौरान कुछ क्षेत्र में मक्का फसल में फॉल आर्मीवर्म कीट का प्रकोप पाया गया। 
उप संचालक कृषि श्री गुप्ता ने बताया कि कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वह समय पर बोनी करे। मानसून वर्षा के साथ ही बुआई करे, अधिक विलम्ब न करें। निर्धारित पौध अंतरण कतार से कतार 80 से.मी. व पौधे से पौधा 20 से.मी. पर बोनी करें। संतुलित उर्वरकों का प्रयोग करें। अंतरवर्तीय फसल के रूप में दलहनी फसल अरहर, मूंग या उड़द लगाए। प्रकाश प्रपंच का उपयोग कर वयस्क कीट को आकर्षित कर नष्ट किया जा सकता है। खेतों में फसल उगने से 40 दिन की अवस्था तक टी आकार की खुटियां लगाकर पक्षियों को बैठने की व्यवस्था करें। बीज बोने के पूर्व बीज का उपचार अवश्य करें। 
फॉल आर्मी वर्म से बचाव के उपाय
उप संचालक कृषि श्री आर.एस. गुप्ता ने बताया कि मक्के की फसल को किसी भी दलहनी फसल के साथ उगाना चाहिए। बीज का इमिडाक्लोप्रिड 600 एफ.एस. 48 प्रतिशत मिली प्रति किलो की दर से उपचारित करना चाहिए। बुआई के 15-20 दिन बाद थायोडिकार्व 75 प्रतिशत डब्ल्यूपी 400 ग्राम प्रति एकड़ या फ्लूबेंडामीड 480 एससी 60 मिली प्रति एकड़ या क्लोरेट्रानिलिप्रोल 18.5 प्रतिशत एससी 60 मिली प्रति एकड़ या स्पिनोसेड 45 प्रतिशत एससी 80 मिली प्रति एकड़ इनमें से किसी एक कीट नाशक का प्रति एकड़ की दर से 150 लीटर पानी के साथ घोल बनाकर छिड़काव कर सकते है।

No comments:

Post a Comment