पंजीकृत श्रमिकों का 15 जुलाई तक होगा सत्यापन, अपात्र व्यक्तियों के नाम हटेंगे
खण्डवा 12 जुलाई, 2019 - राज्य शासन के निर्देशानुसार म.प्र. भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार मण्डल योजना के तहत एक अभियान चलाया जाकर अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाए जा रहे हैं, ताकि वास्तविक पात्र व्यक्ति ही योजना से लाभांवित हो सकें। इस संबंध में श्रम विभाग द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। म.प्र. भवन एवं अन्य कर्मकार कल्याण मण्डल योजनांतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के सत्यापन हेतु ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में पंचायतवार, वार्डवार पंजीकृत हितग्राहियों की सूची का डोर-टू-डोर सत्यापन कराया जा रहा है। प्रत्येक पंचायत में सचिव एवं नगरीय क्षेत्र में वार्ड प्रभारी, सत्यापन कार्य करेंगे, वे संबंधित पंचायत वार्ड के नोडल अधिकारी होंगे। सत्यापन का यह अभियान 15 जुलाई तक चलेगा।
प्रत्येक दिवस किये गये सत्यापन के उपरांत अपात्र पाये गये व्यक्तियों के नाम हटाने की कार्यवाही अगले दिवस को नियमानुसार प्राधिकृत अधिकारी द्वारा की जायेगी एवं पोर्टल पर भी उद्यतन करना होगी। इस हेतु संबंधित निकाय के प्राधिकृत अधिकारी द्वारा योजना की पात्रता-अपात्रता के मापदण्डों, शर्तों, अर्हताओं इत्यादि के प्रपत्र तैयार कर सचिव वार्ड प्रभारियों को दिये जायें, ताकि अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने की प्रक्रिया तत्काल की जा सके। अभियान में सत्यापन के दौरान सूची में ऐसे पात्र हितग्राही, जिनके आधार नम्बर उपलब्ध नहीं हैं, उनके आधार नम्बर भी प्राप्त किये जाकर पोर्टल पर अद्यतन किये जायेंगे। इस अभियान में मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजनांतर्गत भी अपात्र पंजीकृत व्यक्तियों के नाम हटाने की कार्यवाही इसी अवधि में की जायेगी। विभागीय श्रम निरीक्षक एवं श्रम पदाधिकारी एवं सहायक श्रम आयुक्त अपने-अपने क्षेत्र में इस कार्य की दैनिक निगरानी भी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि विभाग के श्रमसेवा पोर्टल पर अद्यतन प्रविष्टियाँ हैं।
No comments:
Post a Comment