सभी लोग रक्षाबंधन व अन्य पर्व घर पर ही मनाएं, कहीं आएं जायें नहीं
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की अपील
अधिक संक्रमण वाले जिलों में अब सप्ताह में 2 दिन रहेगा लॉकडाउन
खण्डवा 21 जुलाई, 2020 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के नागरिकों से अपील की है कि आगामी दिनों मनाए जाने वाले रक्षाबंधन, ईद व अन्य धार्मिक त्यौहार अपने घर पर रहकर ही मनाएं। सार्वजनिक रूप से कोई भी त्यौहार मनाने की अनुमति नहीं दी जायेगी। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए अब प्रदेश के अधिक संक्रमण वाले जिलों में सप्ताह में 2 दिन लगातार पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान आवश्यक सेवाएं छोड़कर अन्य सभी गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिए हैं कि लॉकडाउन का एक दिन तो रविवार रहेगा ही, लॉकडाउन का दूसरा दिन शनिवार या सोमवार कौन सा होगा, यह जिला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के निर्णय अनुसार तय किया जाएगा। सभी जिलों में रात्रिकालीन कर्फ्यू रात्रि 8 बजे से प्रातः 5 बजे तक रहेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान मंत्रालय में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे।
जो अधिकारी-कर्मचारी गाइड लाइन का पालन नहीं करेंगे, दंडित होंगे
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि यदि कोई अधिकारी-कर्मचारी मास्क नहीं लगाता है, फिजीकल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करता है अथवा अन्य तरीके से कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन करता है तो उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।
संक्रमण रोकने के लिए मेल-मिलाप कम करना होगा
कोरोना संक्रमण की समीक्षा में पाया गया कि प्रदेश के जिन जिलों में जहाँ संक्रमण बढ़ा है, उसका एक प्रमुख कारण लोगों का आपस में मेल-मिलाप है। इसके लिए लोगों को जागरूक करना होगा कि अनावश्यक मेल-मिलाप न हो तथा मिलते समय फिजीकल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन किया जाए। कहीं भी अधिक संख्या में लोग इकट्ठे न हों।
No comments:
Post a Comment