AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Tuesday, 5 March 2019

लोकसभा निर्वाचन के लिए सभी अधिकारी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें - कलेक्टर श्री गढ़पाले

लोकसभा निर्वाचन के लिए सभी अधिकारी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें
- कलेक्टर श्री गढ़पाले

खण्डवा 05 मार्च, 2019 - आगामी दिनों में आयोजित होने वाले लोेकसभा निर्वाचन के लिए सभी अधिकारी अपने अपने स्तर से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम प्रारंभ करें तथा अधिकारी उन्हें सौंपे गए दायित्वों के संबंध में सभी आवश्यक तैयारियां शीघ्रता से पूर्ण करें। यह निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोकसभा निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. इवने सहित जिला स्तरीय नोडल अधिकारी भी मौजूद थे। 
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि गत दिनों सम्पन्न विधानसभा निर्वाचन के दौरान जो गलतियां अधिकारियों द्वारा की गई थी उनकी पुनरावृत्ति आगामी लोकसभा निर्वाचन में न हो यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण गंभीरता से लें ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सके। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कर्मचारियों को ईव्हीएम संचालन का प्रशिक्षण आवश्यक रूप से दिया जाये ताकि मतदान के दौरान मशीन में खराबी आने पर उसे आसानी से चालू किया जा सके। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन के दौरान तैनात होने वाले मतदान दलों के लिए भोजन व सत्कार व्यवस्था बेहतर की जायें। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने कहा कि निर्वाचन ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी कर्मचारी मतदान कर सके इसके लिए डाक मतपत्र का अधिकतम उपयोग किया जाये। उन्होंने लोकसभा निर्वाचन के लिए वीडियोग्राफर्स को निर्वाचन की वीडियोग्राफी संबंधी प्रशिक्षण अलग से दिया जाये। उन्होंने एमसीएमसी के सदस्यों व सेक्टर अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों को भी आवश्यक प्रशिक्षण देने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि लोकसभा निर्वाचन के दौरान वे अपनी ड्यूटी सही ढंग से कर सके।

No comments:

Post a Comment