AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Friday, 15 January 2021

मीडिया प्रतिनिधियों को कोविड-19 वैक्सीनेशन के बारे में बताया

 मीडिया प्रतिनिधियों को कोविड-19 वैक्सीनेशन के बारे में बताया

खण्डवा 15 जनवरी, 2021 - शुक्रवार को जिला चिकित्सालय परिसर में स्थित सिविल सर्जन सभाकक्ष में मीडिया प्रतिनिधियों की कार्यशाला आयोजित कर उन्हें कोविड वैक्सीनेशन के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान, सिविल सर्जन डॉ. ओ.पी. जुगतावत, मेडिकल कॉलेज के प्रभारी डीन डॉ. राकेष हजारी, प्रोफेसर डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. सुनिल बिजोलिया, जिला टीकाकरण अधिकारी अनिल तंतवार सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारी मौजूद थे। 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चौहान ने कोविड-19 वैक्सीन टीकाकरण अभियान की रूपरेखा के बारे में विस्तार बताते हुए कहा कि देश में पहले चरण में हेल्थ वर्कर को टीकाकरण 16 जनवरी से प्रारंभ होगा इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई है। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्कर्स जैसे कि पुलिस एवं डिफेंस कर्मचारी, राजस्व कर्मचारी, नगर निकायों के कर्मचारी को वैक्सीन दिया जायेगा। तीसरे चरण में 50 वर्ष की आयु से ऊपर तथा 50 वर्ष के आयु से कम कोमार्विड लोगों को वैक्सीन लगाया जायेगा। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तंतवार ने बताया कि 16 जनवरी को सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक टीकाकरण किया जायेगा जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री जी द्वारा दिल्ली से वर्चुअल रूप से किया जायेगा। 

डॉ. तंतवार ने बताया कि कोविड-19 वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित और कारगर है। इस अभियान के अंतर्गत जिले में तीन केन्द्रों पर टीकाकरण किया जायेगा जिसमें जिला अस्पताल परिसर में बी-ब्लॉक भवन में दो टीकाकरण केन्द्र बनाये गये और एक केन्द्र सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छैगांवमाखन में बनाया गया है, इन केन्द्रों पर चार दिवस तक टीकाकरण होगा और एक केन्द्र पर प्रतिदिन 100-100 हितग्राहियों का टीकाकरण किया जायेगा। सीएमएचओ डॉ. डी.एस. चौहान ने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधि धर्मगुरूओं और मीडिया के प्रतिनिधियों से अपील की है कि इस अभियान में सभी सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि कोविड वैक्सीनेशन स्वैच्छिक है, किसी को कोविड टीका लगवाने के लिए बाध्य नही किया जायेगा। उन्होंने बताया कि कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लगने के 28 दिन बाद दूसरा डोज लगाया जायेगा, उसके बाद शरीर में एन्टिबॉडी विकसित होने पर कोरोना संक्रमण से रक्षा हो सकेगी। 

डॉ. तंतवार ने बताया कि कोरोना टीका के पंजीकरण के समय फोटो के साथ आधार कार्ड, ड्राइविंग लायसेंस, वोटर आईडी, पेन कार्ड, पासपोर्ट, जॉबकार्ड, आयुष्मान भारत का गोल्डन कार्ड अथवा बैंक या पोस्ट ऑफिस की पासबुक जैसा कोई भी दस्तावेज पहचान के लिए लाना होगा। किसी व्यक्ति को जिस दिन के लिए कोविड वैक्सीनेशन की सूचना एसएमएस से प्राप्त होगी, उस व्यक्ति को उसी दिन टीकाकरण के लिए आना होगा। उन्होंने बताया कि कोविड टीकाकरण केन्द्र पर 3 कक्ष बनाए जायेंगे, पहला कक्ष प्रतिक्षालय के रूप में, दूसरा टीकाकरण कक्ष के रूप में तथा तीसरा कक्ष ऑब्जर्वेशन रूम के रूप में रहेगा। डॉ. तंतवार ने बताया कि टीकाकरण के बाद आधे घंटे तक संबंधित हितग्राही को ऑब्जर्वेशन रूम में बैठना होगा, ताकि यदि उसे कोई एलर्जी या अन्य दिक्कत हो तो उसका निराकरण किया जा सके। प्रदेश में प्रत्येक वैक्सीनेशन साइट पर 6 लोगों की एक टीम पदस्थ होगी। इसमें एक सुरक्षा गार्ड, एक वेरिफायर, 2 वैक्सीनेटर, एक एएनएम, आँगनवाड़ी कार्यकर्ता और एक चिकित्सक पदस्थ किया जायेगा। जिले पर पर्याप्त रिजर्व टीम का प्रबंध किया गया है। प्रत्येक सेशन में 100 लोगों का वेक्सीनेशन किया जायेगा। मंगलवार, शुक्रवार, रविवार एवं राष्ट्रीय अवकाश दिवस छोड़कर एक हफ्ते में 4 दिन वेक्सीनेशन किया जायेगा । प्रत्येक सेशन में आने वाले हितग्राही का चयन कोविन पोर्टल से किया जायेगा।

No comments:

Post a Comment