AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Thursday, 11 June 2020

गुरू पूर्णिमा पर किसी भी तरह के धार्मिक मेले आयोजित नहीं होंगे

गुरू पूर्णिमा पर किसी भी तरह के धार्मिक मेले आयोजित नहीं होंगे
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने मीडिया प्रतिनिधियों को दी जानकारी

खण्डवा 11 जून, 2020 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने गुरूवार को शहर के विभिन्न मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर उन्हें कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किए गए उपायों तथा संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने इस दौरान बताया कि आगामी माह में गुरू  पूर्णिमा के अवसर पर श्रीदादाजी दरबार सहित जिले में कहीं भी सामूहिक धार्मिक आयोजन व मेलों आदि की अनुमति नही दी जायेगी। उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर में भी सीमित संख्या में टोकन के आधार पर श्रद्धालुओं को दर्शन कराने की व्यवस्था 16 जून से प्रारंभ की जा रही है। ओंकारेश्वर में गुरू पूर्णिमा व श्रावण मास में किसी तरह के मेले या सामूहिक आयोजन की अनुमति नही दी जायेगी, क्योंकि ऐसा करने से कोरोना संक्रमित की आशंका बनी रहती है। 
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने मीडिया प्रतिनिधियों को बताया कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के प्रावधानों का पालन कराना अत्यावश्यक है, इसलिए गुरू पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी मेलों का आयोजन प्रतिबंधित किया गया है। इसके साथ ही श्री दादाजी धूनिवाले मंदिर में आगामी 10 जुलाई तक आम नागरिकों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की, कि वे अपने स्तर से इस बात का व्यापक प्रचार प्रसार सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से करें कि इस वर्ष गुरू पूर्णिमा पर कोई मेला, भण्डारा या अन्य आयोजन नही होगा। उन्होंने कहा कि 16 जून से जिले के विभिन्न धार्मिक स्थल निर्धारित शर्तो के साथ खोलने की अनुमति दी गई है। 
निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए कन्टेन्मेंट क्षेत्र डिनोटिफाय किए जा रहे हैं
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने मीडिया प्रतिनिधियों को बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन कोरोना पॉजिटिव मरीजों के घरों के आसपास के क्षेत्र को कन्टेन्मेंट क्षेत्र घोषित कर वहां आवागमन प्रतिबंधित किया है तथा वहां के निवासियों को अत्यावश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि कन्टेन्मेंट क्षेत्र छोटे आकार में ही बनाए गए है, ताकि प्रतिबंधात्मक आदेशों के कारण कम से कम लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि कन्टेन्मेंट क्षेत्र लगातार निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए डिनोटिफाय भी किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि पिछले 10 दिनों में कुल 865 सेम्पल संदिग्ध मरीजों के लिए गए थे, जिसमें से केवल 27 पॉजिटिव आए है। उन्होंने बताया कि कन्टेन्मेंट क्षेत्रों से प्रतिदिन लगभग 70-80 सेम्पल लिए जा रहे हैं तथा सेम्पल रिपोर्ट के आधार पर कन्टेन्मेंट क्षेत्रों को डिनोटिफाय किया जा रहा है। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने मीडिया प्रतिनिधियों को बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण पिछले दिनों में कम हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती भी है तो उसके लिए जिला प्रशासन ने जिला अस्पताल में हर तरह की व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर रखी हैं। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान बाहर से आए मजदूरों को उनके गांव में ही रोजगार गारंटी योजना के तहत रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये गए है। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा बनाए गए रोजगार सेतु एप के माध्यम से भी मजदूरों को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मजदूरों का पंजीयन भी रोजगार सेतु एप के माध्यम से कराया गया है। 

No comments:

Post a Comment