AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Friday, 2 July 2021

महिला बाल विकास विभाग की टीम ने रुकवाया बाल विवाह

 महिला बाल विकास विभाग की टीम ने रुकवाया बाल विवाह

खण्डवा 2 जुलाई, 2021 - पुनासा ब्लॉक की महिला बाल विकास विभाग टीम के द्वारा गुरूवार को ओंकारेश्वर पहुंचकर बाल विवाह रुकवाया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विष्णु प्रसाद सिंह राठौर को बाल विवाह के संबंध में फोन पर किसी के द्वारा जानकारी दी गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राठौर द्वारा तुरंत इस कार्य को गंभीरता से लेते हुए परियोजना अधिकारी पुनासा श्री राजेंद्र सिंह सोलंकी को निर्देशित किया गया। पुनासा की महिला बाल विकास विभाग टीम ने पुलिस टीम के सहयोग से विवाह स्थल पर पहुंचकर लड़का और लड़की दोनों पक्षों को समझाइश दी और बाल विवाह के दुष्परिणाम के संबंध में अवगत कराया और मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया। इस संबंध में महिला बाल विकास विभाग टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

परियोजना अधिकारी पुनासा श्री सोलंकी ने बताया कि नाबालिग लड़की जिसका विवाह किया जा रहा है, वह मात्र 17 वर्ष और लड़का खरगोन जिले से संबंधित था जो कि 22 वर्ष का था। महिला बाल विकास विभाग की टीम ने जांच पड़ताल करने के बाद दोनों पक्षों से विवाह रूकवाने की समझाइश दी और दोनों पक्षों ने इसमें सहमति जाहिर की। इस प्रकार बाल विवाह को रोका गया। पुनासा परियोजना अधिकारी श्री राजेंद्र सिंह सोलंकी द्वारा बताया गया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। लड़की की उम्र 18 वर्ष पूर्ण होना आवश्यक है और लड़की की उम्र 21 वर्ष पूर्ण होना चाहिए। यदि इस नियम का उल्लंघन किया जाता है तो इसके लिए बारात में उपस्थित सभी सगे संबंधी पंडित दूल्हा दुल्हन और विवाह में सहयोग करने वाले सभी दोषी माने जाते हैं। जनता को आज जागरूक होकर विवाह की उम्र को समझने की आवश्यकता है। बाल विवाह रुकवाने में ओंकारेश्वर सुपरवाइजर ललिता शर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गायत्री वर्मा, सपना ठाकुर वर्मा और पुलिस विभाग की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

No comments:

Post a Comment