कलेक्टर श्री द्विवेदी ने शहर भ्रमण कर विकास कार्यो का लिया जायजा
खण्डवा 15 जनवरी, 2021 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने शुक्रवार को खण्डवा शहर का भ्रमण कर नगर निगम द्वारा संचालित विकास कार्यो का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नए बस स्टेण्ड के पास स्थित रैन बसेरा व सुलभ शौचालय, पुराने बस स्टेण्ड के पास बनाए गए नव निर्मित हॉकर्स जोन व दीनदयाल रसोई के नवनिर्मित भवन को भी देखा। इस दौरान सहायक कलेक्टर श्री श्रेयांश कुमट, नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु भट्ट, उपायुक्त श्री दिनेश मिश्रा सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने जिला अस्पताल परिसर स्थित रेन बसेरा का निरीक्षण भी किया और वहां कमरों की व शौचालयों की साफ सफाई रखने व बिस्तर, चादर समय समय पर बदलते रहने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अस्पताल परिसर में तैयार किए जा रहे हर्बल गार्डन के बाहर पेवर ब्लॉक्स लगवाने के निर्देश भी सिविल सर्जन डॉ. ओ.पी.जुगतावत को दिए, ताकि पार्क के बाहर साफ सफाई रह सके। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने पुराने बस स्टेण्ड के पास स्थित दीनदयाल रसोई भवन से लगी खाली भूमि पर एक और कक्ष निर्मित कराने के लिए भी नगर निगम आयुक्त से कहा, ताकि दीनदयाल रसोई के लिए अतिरिक्त स्थान मिल सके। उन्होंने अगले एक सप्ताह में दीनदयाल रसोई से खाना वितरण का कार्य चालू करने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए।
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने चीराखदान स्थित निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कार्य देखा तथा अगले 15 मार्च तक कुल 300 को हितग्राहियों को हेण्ड ओवर करने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए। उन्होंने नगर निगम के नवीन भवन के लिए प्रस्तावित स्थल का भी निरीक्षण किया तथा पुलिस लाइन के पास नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे आवास भवनों का निर्माण कार्य भी देखा और उन्हें शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिए। उन्होंने पुराने बस स्टेण्ड के सामने नवनिर्मित हॉकर्स जोन जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां वाहन पार्किंग तथा साफ सफाई व्यवस्था के संबंध में निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान आयुक्त श्री भट्ट ने बताया कि सिनेमा चौक, इंदिरा चौक क्षेत्र के चाट व फलों के ठेले वहां से विस्थापित कर हॉकर्स जोन में स्थापित किए गए है।
No comments:
Post a Comment