मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोविड वैक्सीनेशन के संबंध में धर्मगुरूओं से की अपील
खण्डवा 14 जनवरी, 2021 - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी कलेक्टर्स, कमिश्नर्स से चर्चा कर आगामी 16 जनवरी से शुरू होने वाले कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान के संबंध में तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान खण्डवा कलेक्ट्रेट के वीडियो कान्फ्रेंसिंग कक्ष में पंधाना विधायक श्री राम दांगोरे, कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे सहित विभिन्न धर्मगुरू व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस दौरान कहा कि कोविड वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित है तथा वैज्ञानिकों द्वारा हर तरह की कसौटी पर इसे परख लिया गया है। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीन के संबंध में अफवाह व भ्रम की स्थिति न हो यह सभी कलेक्टर्स सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी धर्म गुरूओं से अपील की कि वे अपने अपने अनुयायियों को कोविड वैक्सीन के फायदों के बारे में बतायें तथा उन्हें समझायें कि वैक्सीन से कोई साइड इफेक्ट नही होगा, यह पूर्णतः सुरक्षित है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर कहा कि कोविड वैक्सीन निर्धारित तिथियों में पहले से पंजीबद्ध लोगों को ही लगाई जायें। उन्होंने बताया कि सभी जिलों में पहला टीका अस्पताल के सफाई कर्मी को लगाया जायें और शहर के प्रतिष्ठित सरकारी व प्रायवेट डॉक्टर्स को यह टीका लगाकर इसका प्रचार प्रसार भी करवाया जाये। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग श्री मोहम्मद सुलेमान ने इस दौरान बताया कि कोविड वैक्सीन के लिए कोल्ड चेन मेटेंन करना अत्यंत आवश्यक है। कोविड वैक्सीन की शीशी एक बार खुलने के बाद उसे अधिकतम 6 घंटे की समय सीमा में उपयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि टीकाकरण केन्द्र के आसपास एम्बूलेंस व मेडिकल ऑफिसर की व्यवस्था भी रखे। प्रत्येक व्यक्ति को वैक्सीन लगने के 28 दिन बाद वैक्सीन का दूसरा डोज लगेगा। टीकाकरण के कुछ दिन बाद एन्टी बॉडी शरीर में विकसित हो जायेगी, जिससे टीकाकृत व्यक्ति की कोविड से रक्षा हो सकेगी।


No comments:
Post a Comment