AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Thursday, 14 January 2021

आयुष्मान योजना के तहत गरीब परिवारों का 5 लाख रू. तक का इलाज मुफ्त

 आयुष्मान योजना के तहत गरीब परिवारों का 5 लाख रू. तक का इलाज मुफ्त 

खण्डवा 14 जनवरी, 2021 - आयुष्मान भारत निरामयम योजना के तहत गरीब व असहाय परिवारों का देश के जाने माने चिन्हित अस्पतालों में 5 लाख रूपये तक का इलाज सरकारी खर्चे पर कराया जाता है। कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने बताया कि इस योजना के तहत कभी भी किसी भी बच्चे से लेकर वृद्धावस्था तक पात्र परिवारों के सदस्यों का निःशुल्क इलाज कराया जा सकता है। परिवार के सदस्यों की कोई सीमा निर्धारित नही है। इस योजना के हितग्राही बनने के लिए कोई नामांकन प्रक्रिया नही है। यह योजना पात्रता आधारित है। संबल योजना के हितग्राही भी इस योजना के अंतर्गत लाभ ले सकते है।

कौन से परिवार आयुष्मान भारत योजना का लाभ ले सकते हैं

इस योजना के तहत सामाजिक आर्थिक जातिगत जनगणना में शामिल वंचित श्रेणी के परिवार, ऐसे परिवार जिनके पास केवल एक कमरे का मकान हो, जिसकी दीवार व छत कच्ची हो, भूमिहीन परिवार, अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग का परिवार, ऐसे परिवार जिनमें मुखिया महिला हो तथा परिवार में 16 से 59 वर्ष आयु का कोई पुरूष सदस्य न हो, कानून रूप से छुड़वाये गए बंधुआ मजदूर, भिखारी, घरेलू कामगार, फेरीवाले, मोची, निर्माण श्रमिक, नल सुधारने वाले, मकान बनाने वाले, रंग साझ, वेल्डर, सुरक्षा कर्मी, कुली, मेहतर, माली, घेरलू कामकाजी महिलाएं, दर्जी, वाहन चालक, परिचालक, रिक्शा चालक, ठेला चालक, चपरासी, वेटर, विद्युत मिस्त्री, धोबी, खाद्य सुरक्षा पर्ची धारक, असंगठित क्षेत्र के मजदूर परिवार इस योजना से लाभान्वित हो सकते है। 

कैसे ढूंढे पात्रता सूची में अपना नाम और कैसे बनवायें कार्ड

किसी परिवार को इस योजना में पात्रता आती है कि नही यह जानने के लिए वह अपने निकटतम लोक सेवा केन्द्र या कॉमन सर्विस सेंटर जाते समय अपना आधार कार्ड, वोटर कार्ड या राशन कार्ड साथ लेकर जायें, उसके आधार पर पात्रता का पता लगाया जा सकता है। पात्रता सूची में नाम ढूंढने का कोई शुल्क नही लगता है। यदि पात्रता सूची में हितग्राही का नाम है तो लोक सेवा केन्द्र या कॉमन सर्विस सेंटर में 30 रूपये का शुल्क जमा कर आयुष्मान योजना का गोल्डन कार्ड तैयार कराया जा सकता है। 

No comments:

Post a Comment