श्रमिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने लगेंगे मेले
खण्डवा 12 जून, 2020 - श्रमिकों के हुनर को नियोजकों से जोड़ने के लिए रोजगार सेतु बनाया गया है। ऑनलाइन रोजगार देने वाली इस योजना के पोर्टल में श्रमिकों के पंजीयन के साथ नियोजकों का भी पंजीयन किया गया है। इसके अतिरिक्त संबल योजना में पंजीकृत श्रमिक तथा अन्य प्रदेशों से लौटे मध्यप्रदेश के श्रमिकों को रोजगार के अवसर उपलब्घ कराने के लिये प्रथम चरण में चिन्हित जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जायेगा।
रोजगार मेलों के आयोजन के लिये जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में रोजगार मेला समिति गठित की गई है। समिति के समन्वयक सीईओ जिला पंचायत होंगे। सदस्य सचिव जिला रोजगार अधिकारी अथवा महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र होंगे। रोजगार मेलों का आयोजन जून माह के तीसरे सप्ताह में किया जाना है। जिन जिलों में अधिक श्रमिक पंजीकृत हैं, वहाँ प्राथमिकता के आधार पर रोजगार मेले आयोजित होंगे। प्रत्येक श्रमिक को एस.एम.एस. के माध्यम से सूचना दी जायेगी।
No comments:
Post a Comment