AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Wednesday, 15 April 2020

लॉकडाउन से परेशान लोगों को निःशुल्क गर्म भोजन देकर पहुंचा रहे हैं राहत

लॉकडाउन से परेशान लोगों को निःशुल्क गर्म भोजन देकर पहुंचा रहे हैं राहत
अत्याधुनिक मशीनों से सेन्ट्रलाइज्ड किचन में तैयार हो रहा है भोजन
भोजन वितरण वाले कर्मचारियों का गरीब बस्तियों में हो रहा है स्वागत



खण्डवा 15 अप्रैल, 2020 - कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किए गए लॉकडाउन के कारण परेशान गरीब वर्ग के परिवारों को निःशुल्क भोजन वितरण की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की गई है। भोजन तैयार कराकर वितरण कराने का दायित्व नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह को सौंपा गया है। नगर निगम की सेन्ट्रलाइज्ड किचन में प्रतिदिन सुबह 8 हजार से अधिक लोगों के लिए रोटी व सब्जी अत्याधुनिक मशीनों से तैयार होती है। ये भोजन सामग्री 7 चार पहिया लोडिंग वाहनों से शहर के विभिन्न भागों में स्थित पिछड़ी व गरीब बस्तियों में पहुंचाया जाता है। प्रत्येक वाहन पर तैनात कर्मचारी भोजन वितरण के फोटो जीपीएस लोकेशन, वाहन क्रमांक व पैकेट संख्या के साथ वॉटसअप ग्रुप में तत्काल पोस्ट करते है, ताकि वरिष्ठ अधिकारी इसकी सतत मॉनिटरिंग कर सके। भोजन वितरण के लिए नगर निगम द्वारा रूट चार्ट निर्धारित किया गया है। प्रत्येक वाहन निर्धारित क्षेत्र में ही गरीब लोगों को निःशुल्क भोजन वितरित करता है। शाम के समय लगभग 22 क्विंटल खिचड़ी तैयार कर ये ही वाहन पुनः वितरण के लिए निकल जाते है।
ऑटोमेटिक मशीनों से बन रहा हैं भोजन
नगर निगम आयुक्त श्री सिंह ने बताया कि इस भोजना व्यवस्था का प्रभारी उपायुक्त श्री पी.के. सुमन को बनाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रातः लगभग 6 बजे से भोजन तैयार करने का कार्य शुरू हो जाता है, जो रात्रि 8 बजे तक लगातार जारी रहता है। उन्होंने बताया कि रोटी तैयार करने वाली मशीन में आटा गूथने से लेकर रोटी बेलने व सेकने की पूरी व्यवस्था ऑटोमेटिक है। एक घंटे में हजारों रोटियां तैयार करने वाली यह मशीन लॉकडाउन से परेशान लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। भोजन तैयार करने में स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। किचन में बर्तन साफ करने की भी ऑटोमेटिक मशीन लगी हुई है। नगर निगम आयुक्त श्री सिंह ने बताया भोजन वितरण करने जाने वाली टीम की सेवाओं को देखते हुए क्षेत्रीय नागरिक टीम में शामिल कर्मचारियों का आरती उतारकर व माल्यार्पण कर स्वागत करते है। 
रोटी सब्जी और खिचड़ी का हो रहा हैं वितरण
नगर निगम आयुक्त श्री सिंह ने बताया कि नागरिकों की मांग के आधार पर भोजन वितरण के लिए पैकेट की संख्या में लगातार वृद्धि की गई। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल को जहां सुबह और शाम दोनों समय मिलाकर कुल 1888 पैकेट वितरित किए गए थे, वही 2 अप्रैल को 2675 , 3 अप्रैल को 2900, 4 अप्रैल को 4295, 5 अप्रैल को 4545, 6 अप्रैल को 6433, 7 अप्रैल को 7580, 8 अप्रैल को 8501, 9 अप्रैल को 8934 तथा 10 अप्रैल को 10972 पैकेट वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल को सुबह 6060 पैकेट तथा शाम को 12.45 क्विंटल खिचड़ी वितरित की गई। जबकि 12 अप्रैल को 6 हजार पैकेट व 18 क्विंटल खिचड़ी वितरित की गई। इसी तरह 13 अप्रैल को 7066 पैकेट व  20.50 क्विंटल खिचड़ी वितरित की गई। गत 14 अप्रैल को 8095 पैकेट व 22.60 क्विंटल खिचड़ी वितरित की गई। जबकि 15 अप्रैल को सुबह रोटी सब्जी के 7646 पैकेट तथा 5 क्विंटल से अधिक खिचड़ी भी वितरित की गई है। 

No comments:

Post a Comment