कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिये सभी महाविद्यालयों में अवकाश घोषित
खण्डवा 14 मार्च, 2020 - राज्य शासन ने नोवल कोरोना वायरस (कोविड-19) एवं उससे जनित बीमारी से बचाव के लिये प्रदेश के सभी शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक अवकाश घोषित किया है। प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा विभाग श्री नीरज मण्डलोई ने सभी महाविद्यालयों को इस बारे में निर्देश जारी किये हैं। जारी निर्देशों में कहा गया है कि वार्षिक एवं सेमेस्टर परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार आयोजित की जायेंगी। अवकाश अवधि में समस्त शासकीय महाविद्यालयों में समस्त शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ उपस्थित रहकर शासकीय और अकादमिक कार्य संपादित करेंगे। निजी महाविद्यालय शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ की महाविद्यालय में उपस्थिति के संबंध में अपने स्तर पर स्वविवेक से निर्णय ले सकेंगे। इस दौरान महाविद्यालयों में सभी तरह की क्रीडा गतिविधियां, सांस्कृतिक गतिविधियां, सेमिनार व कार्यशाला जैसी सामूहिक गतिविधियों का संचालन स्थगित रहेगा।
No comments:
Post a Comment