कोरोना वायरस के संक्रमण के बचाव के लिए सभी आवश्यक उपाय करें
जिला प्रबंधन समिति की बैठक में कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने दिए निर्देश
खण्डवा 23 मार्च, 2020 - कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए जिले में सभी आवश्यक उपाय किए जायें। शासकीय अस्पतालों के साथ साथ जिला मुख्यालय के बड़े बड़े प्रायवेट हॉस्पिटल्स व नर्सिंग होम्स में भी आपातकाल के लिए आवश्यक सुविधाएं तैयार रखी जायंे। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने सोमवार को कोरोना वायरस कोविड-19 से निपटने के लिए गठित जिला प्रबंधन समिति की बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री रोशन कुमार सिंह, एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे, अधिष्ठाता, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय डॉ. संजय दादू, आयुक्त नगर निगम श्री हिमांशु सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान, सिविल सर्जन डॉ. ओ.पी. जुगतावत, आर.एम.ओ. डॉ. शक्ति सिंह राठौड़ एवं जिला एपिडिययोलॉजिस्ट आई.डी.एस.पी. डॉ. योगेश शर्मा भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में कहा कि प्रबंधन समिति की बैठक प्रतिदिन दो बार होगी। यह बैठक हर दिन दोपहर 12 बजे व रात्रि 7 बजे कलेक्ट्रेट में होगी, जिसमें प्रबंधन समिति में शामिल सभी अधिकारी अनिवार्यतः उपस्थित रहेंगे। उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि उचित मूल्य की दुकानों से हितग्राहियों को 3 माह का अग्रिम खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाये। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री शुक्ला को बैठक में निर्देश दिए गए कि वे प्रतिदिन डीजल, पेट्रोल, एलपीजी गैस व खाद्यान्न जैसी आवश्यक सामग्री का स्टॉक चेक करेंगे। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में कहा कि सभी अधिकारी मुख्यालय पर ही रहेंगे, अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति की मॉनिटरिंग लोक सेवक एप व सार्थक एप के माध्यम से प्रतिदिन की जायेगी।
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिले में मास्क व सेनिटाइजर के स्टॉक एवं मूल्य नियंत्रण की नियमित समीक्षा करे। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को संक्रमण मुक्त करने के लिए आवश्यक प्रयास करने के लिए कहा। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत से कहा कि वे जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों व पंचायत सचिवों के माध्यम से यह सूचना नियमित रूप से प्राप्त की जाये कि ग्रामीण क्षेत्र में अन्य राज्यों से कौन से ग्रामीण आ रहे है उन ग्रामीणों में यदि सर्दी, खांसी जैसे कोरोना वायरस के लक्षण पाए जाये तो उन्हें निकटतम अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की जाये। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. जुगतावत ने बताया कि शहर रिचर्ड पेम्पुरी अस्पताल के साथ साथ हिन्दूजा हॉस्पिटल, शुभम हॉस्पिटल, गुर्जर हॉस्पिटल, प्रकाश हॉस्पिटल, जे.जे. हॉस्पिटल व नवोदय हॉस्पिटल में आवश्यक संसाधन उपलब्ध है, आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग किया जा सकता है। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने हरसूद एसडीएम डॉ. झाडे को निर्देश दिए कि वे इन अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों को देखें।
No comments:
Post a Comment