AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Friday, 14 June 2019

स्वास्थ्य मंत्री श्री सिलावट ने ग्राम रोशनाई में दस्तक अभियान की जानकारी ली

स्वास्थ्य मंत्री श्री सिलावट ने ग्राम रोशनाई में दस्तक अभियान की जानकारी ली




खण्डवा 14 जून, 2019 -  प्रदेश में 10 जून से 20 जुलाई तक लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और महिला-बाल विकास विभाग द्वारा दस्तक अभियान संचालित किया जा रहा है। इस दस्तक अभियान के तहत आँगनवाड़ी, एएनएम और आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में प्रमुख बाल्यकालीन बीमारियों की सामुदायिक स्तर पर पहचान कर रहे है, ताकि उनके उपचार की व्यवस्था की जा सके। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने जिले के ग्राम रोशनाई में जाकर दस्तक अभियान के आयोजित ग्राम सभा में अभियान के बारे में ग्रामीणों से पूछताछ की। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि समय समय पर अपने बच्चों का टीकाकरण जरूर करायें, जिससे कि उनके बच्चें बीमारियों से बचे रहे। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र , मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान सहित विभिन्न अधिकारीगण मौजूद थे। 
स्वास्थ्य मंत्री श्री सिलावट ने इस दौरान बताया कि नवजात शिशुओं के उपचार के लिए जिला अस्पताल खण्डवा परिसर में लगभग 1 करोड़ रू. लागत से डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेन्स सेंटर का भवन बनाया जायेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने कुपोषित बच्चों को निकटतम पोषण पुनर्वास केन्द्र में जरूर भर्ती कराये, ताकि बच्चे के स्वास्थ्य में सुधार हो सके। श्री सिलावट ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नागेन्द्र को ग्राम रोशनाई के ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने उपस्थित महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान चार प्रसव पूर्व जांच अवश्य कराने की सलाह दी तथा कहा कि गर्भावस्था के दौरान वे ससुराल या मायके जहां भी जाये अपना जच्चा बच्चा कार्ड जरूर साथ में ले जाये। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चौहान ने इस दौरान दस्तक अभियान की कार्य योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

No comments:

Post a Comment