सहकारी संस्थाओं में धोखाधड़ी व गबन के प्रकरणों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
खण्डवा 18 जून, 2019 - सहकारी संस्थाओं में धोखाधड़ी व गबन के प्रकरणों की समीक्षा के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल की अध्यक्षता में सोमवार को सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल, उपायुक्त सहकारिता व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी बैंक मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि कुल 8 प्रकरण गबन व धोखाधड़ी से संबंधित है, जिनमें गबन राशि 1.04 करोड़ रूपये से अधिक है, जिसमें से 15.07 लाख रूपये वसूल की जा चुकी है। गबन में शामिल कर्मचारियों की संख्या 12 है, जिनमें से 9 को सेवा से पृथक किया जा चुका है तथा 2 कर्मचारी विरेन्द्र सिंह शेखावत व रमेश चंद साकल्ले दोनो समिति प्रबंधक निलंबित है। एक कर्मचारी मोहन मण्डलोई के विरूद्ध विभागीय जांच प्रचलित है। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने इन तीनों मामलों में एक सप्ताह में अंतिम रिपोर्ट पेश कर दण्डात्मक कार्यवाही करने के निर्देश बैठक में दिए। बैठक में बताया गया कि गबन के मामलों में 5 एफआईआर दर्ज हो चुकी है तथा पांचों में न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जा चुका है। उप पंजीयक सहकारी संस्था के न्यायालय में धारा 64 के तहत 2 प्रकरण विचाराधीन है। बैठक में बताया गया कि प्राथमिक सहकारी संस्था दगड़खेडी में कृषकों के साथ धोखाधड़ी के मामले में हरसूद थाने में आवेदन दिया गया था, लेकिन एफआईआर अभी तक दर्ज नही हुई है। कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने आज ही एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही प्राथमिक सहकारी संस्था दीवाल व भामगड़ के मामलों में भी एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने दिए।
No comments:
Post a Comment