फसल ऋण माफी योजना की प्रगति की समीक्षा की कलेक्टर श्री गढ़पाले ने
खण्डवा 08 फरवरी, 2019 - कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत अब तक की गई तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कृषि एवं सहकारिता विभाग के जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारियों तथा बैंकर्स की बैठक लेकर अब तक जमा हरे, सफेद व गुलाबी फार्म की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के प्रावधानों के तहत पात्र पाए जाने वाले किसानों के आवेदन स्वीकृत किए जाये तथा अपात्र किसानों के आवेदन निरस्त किए जायें। कोई भी आवेदन लंबित न रखा जाये। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने निर्देश दिए कि किसान का ऋण माफी का प्रकरण स्वीकृत करने से पूर्व उसका विस्तृत परीक्षण जरूर कर लिया जाये, ताकि कोई भी अपात्र व्यक्ति इस योजना से लाभान्वित न हो सके। उन्होंने इस योजना के संबंध में प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के लिए भी कृषि व सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए तथा कहा कि निराकरण की जानकारी संबंधित आवेदक किसान को जरूर दी जायें, ताकि किसान को उसकी जानकारी रहे और वह अपने शिकायती आवेदन के संबंध में इधर उधर न भटकें।
No comments:
Post a Comment