पंच परमेश्वर योजना से होगी शालाओं के शौचालयों की सफाई और मरम्मत
खण्डवा 11 जनवरी ,2016 -मध्यप्रदेश में स्वच्छ विद्यालय अभियान में बने 58 हजार शाला शौचालयों की नियमित सफाई और मरम्मत का कार्य पंच-परमेश्वर योजना के माध्यम से होगा। राज्य शासन ने इस संबंध में सभी जिला कलेक्टर को निर्देश दिये है। ग्रामीण शालाओं के लिए ग्राम पंचायत द्वारा नियमित साफ-सफाई एवं रख-रखाव के लिये भारत शासन से प्राप्त राशि को पंचायत दर्पण के माध्यम से पंचायतों के खाते में टॉप-अप किया जाएगा। साथ ही शिक्षा उपकर की राशि को शामिल कर शालाओं में नियमित सफाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी। इसका संचालन ग्राम पंचायत द्वारा किया जाएगा। नगरीय क्षेत्र की शालाओं के लिए उपकर की राशि और अन्य मद का उपयोग आवश्यक निर्माण, शौचालयों की नियमित सफाई, रख-रखाव, फर्नीचर, शिक्षक कक्ष आदि के लिए किया जायेगा।
शासन ने भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने, शौचालय के नियमित उपयोग, समुदाय को खुले में शौच से मुक्त करवाने, परिसर को स्वच्छ बनाये रखने तथा स्वच्छता रैली आयोजित करने तथा शालाओं में स्वच्छता विषय पर सत्र आयोजित करवाने के निर्देश दिये है। इन गतिविधियों को कार्यक्रम के माध्यम से शालाओं में नियमित रूप से संचालित करवाने को कहा गया है। इसकी मॉनीटरिंग जिला पंचायत की शिक्षा समिति के माध्यम से करवाने के निर्देश भी दिये गये है। बाद में स्वच्छ शालाओं का जिला स्तर पर चयन कर सम्मानित किया जायेगा।
No comments:
Post a Comment