Monday, 14 December 2020

कपास की खरीदी बंद करने से दो दिन पूर्व किसानों को सूचना अवश्य दें

 कपास की खरीदी बंद करने से दो दिन पूर्व किसानों को सूचना अवश्य दें
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने मण्डी व कपास निगम के अधिकारियों को दिए निर्देश





खण्डवा 14 दिसम्बर, 2020 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कृषि उपज मण्डी के सचिव तथा भारतीय कपास निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मण्डी में कपास उत्पादक किसानों से कपास खरीदा जाये तथा जब-जब कपास की खरीदी बंद की जाये तो उससे दो दिन पूर्व किसानों को इसकी सूचना अवश्यक दी जायें, ताकि किसान उस अवधि में कपास लेकर मण्डी न आये। उन्होंने कहा कि किसानों को यह सूचना मण्डी के नोटिस बोर्ड के साथ साथ समाचार पत्रों व संचार के अन्य माध्यमों से दी जाये। कपास खरीदी बंद करने से पूर्व जो किसान कपास विक्रय के लिए लाइन में लगे है उनकी खरीदी पूर्ण करने के बाद ही खरीदी बंद की जाये। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे व सहायक कलेक्टर श्री श्रेयांश कुमट सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे। 

  कलेक्टर श्री द्विवेदी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समर्थन मूल्य की सुविधा किसानों के लिए है, अतः व्यापारी इस सुविधा का लाभ न उठा पायें यह सुनिश्चित किया जाये। इसके लिए कलेक्टर श्री द्विवेदी ने निर्देश दिए कि किसानों से भू अधिकार ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड, समग्र आईडी आदि दस्तावेज देखकर पुष्टि होने के उपरांत ही समर्थन मूल्य पर कपास खरीदी जाये। उन्होंने निर्देश दिए कि कृषि विभाग के एसडीओ, तहसीलदार व मण्डी के अधिकारियों की समिति बनाकर अगले दो दिनों में यह जांच कर रिपोर्ट दी जाये कि अभी तक किसी व्यापारी की कपास तो नहीं खरीदी गई है। मण्डी में विक्रय के लिए आने वाली कपास की गुणवत्ता अर्थात एफएक्यू के स्तर की जांच के लिए भी उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के लिए कहा। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने निर्देश दिए कि कपास बिक्री के लिए पहले आने वाले किसान की कपास पहले खरीदी जायें तथा क्रम का पालन किया जाये।

No comments:

Post a Comment