ग्रामीण पथ विक्रेताओं को दी गई 10-10 हजार रूपये की मदद
खण्डवा 21 दिसम्बर, 2020 - कोरोना काल में ग्रामीण क्षेत्र में जिन छोटे व्यवसाईयो के धंधे चौपट हो गए थे, ऐसे परेशान जरूरतमंद व गरीब परिवारों की मदद के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना प्रारंभ की गई है। सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ग्रामीण स्ट्रीट वेण्डर्स को व्यवसाय फिर से शुरू करने के लिए 10-10 हजार रूपये ब्याजमुक्त सहायता राशि वितरित करने संबंधी स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण खण्डवा जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी देखा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि जो ग्रामीण व्यवसायी समय पर स्वनिधि योजना का ऋण चुका देंगे, उन्हें बाद में व्यवसाय बढ़ाने के लिए और अधिक राशि, ऋण के रूप में दी जायेगी।
खण्डवा जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हसीना बाई भाटे, जनपद अध्यक्ष श्रीमती चन्द्रकला पटेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह सहित विभिन्न अधिकारी व जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती भाटे ने लगभग 1 दर्जन ग्रामीण स्ट्रीट वेण्डर्स को स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक श्रीमती नीलिमा सिंह ने बताया कि जिले में आज कुल 197 हितग्राहियों के खाते में स्ट्रीट वेण्डर योजना के तहत 10-10 हजार रूपये की मदद जमा की गई है, इस तरह अब तक 1230 ग्रामीण स्ट्रीट वेण्डर्स के प्रकरण बैंकों द्वारा स्वीकृत कर राशि वितरित की जा चुकी है। कार्यक्रम का संचालक श्रीमती नीलिमा सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन एलआरएनएम की जिला प्रबंधक कौशल उन्नयन सुश्री रीना गुप्ता ने किया।


No comments:
Post a Comment