Friday, 12 June 2020

रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए कन्टेन्मेंट क्षेत्रों में बांट रहे हैं काढ़ा

रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए कन्टेन्मेंट क्षेत्रों में बांट रहे हैं काढ़ा 

खण्डवा 12 जून, 2020 - मुख्यमंत्री जीवन अमृत योजना के तहत आयुष विभाग खण्डवा शहर के सभी कन्टेन्मेंट क्षेत्रों में नागरिकों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए त्रिकटु चूर्ण काढ़े का घर घर वितरण आयुष विभाग द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए विभाग द्वारा चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टॉफ के 6 दल बनाए गए है तथा उन्हें त्रिकटु चूर्ण वितरण का कार्य सौंपा गया है। इस वितरण की जानकारी प्रतिदिन सार्थक एप के माध्यम से संधारित की जा रही है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि विभाग अब तक 22 हजार पैकेट का वितरण किया जा चुका है।  इसके साथ ही 35 कार्यालयों व अन्य संस्थाओं को 3 हजार त्रिकटु चूर्ण पैकेट का वितरण किया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में औषधालय स्तर पर संशमनी वटी व होम्योपैथी औषधी आर्सेनिक एल्बम 30, यूनानी काढ़ा त्रियाके अजीब, जोसंदा का वितरण निरंतर किया जा रहा है। 
जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार जिला अस्पताल के कोविड केयर सेंटर में भर्ती संक्रमित रोगियों को आरोग्य कष्यायम-20 काढ़े का वितरण 27 मई से लगातार दो आयुर्वेदिक चिकित्सकों के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। अब तक 36 कोरोना पॉजिटिव रोगियों को इस विशेष काढ़े का सेवन कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि आयुष विभाग द्वारा प्रदाय इन विशेष काढ़ों के माध्यम से स्वस्थ्य व्यक्ति की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाया जाता है, ताकि वह किसी भी प्रकार के वायरल इन्फेक्शन से अपना बचाव कर सके। डॉ. वर्मा ने बताया कि इस समय तुलसी, लौंग, हल्दी, काली मिर्च, अदरक, दाल चीनी, गिलोय, च्यवनप्राश, अश्वगंधा, मुलेठी, आदि आयुर्वेदिक गुणों से भरपूर औषधि मसालों का घरेलू उपयोग करना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि इस संक्रमण के समय में स्वच्छता, सामाजिक दूरी, मास्क एवं सेनेटाइजर के उचित उपयोग से और विभाग द्वारा वितरित आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी औषधियों का सेवन कर अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाएं।

No comments:

Post a Comment