नगरीय व ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल समस्या को सर्वोच्च प्राथमिकता से हल करें
अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने दिए निर्देश
खण्डवा 4 जून, 2019 - नवागत कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु में सबसे बड़ी समस्या ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र में पेयजल की रहती है। अतः ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र में पेयजल समस्या को सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकृत किया जाये। उन्होंने कहा कि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अपने क्षेत्र में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग , विद्युत कम्पनी व जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के साथ बैठक कर ग्रामीण क्षेत्र की पेयजल समस्या का निराकरण तत्काल करवायें। शहरी क्षेत्र के मामलों में एसडीएम नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के साथ बैठक करे और नागरिकों को पेयजल संकट से मुक्ति दिलायें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. इवने सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण मौजूद थे।
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने कहा कि जनसुनवाई में किसी तहसील क्षेत्र की अधिक समस्याओं के आवेदन प्राप्त होना इस बात को सिद्ध करता है कि उस क्षेत्र के एसडीएम व तहसीलदार सही ढंग से कार्य नही कर रहे। अतः सभी एसडीएम सुनिश्चित करे कि उनके क्षेत्र में की समस्याएं उनके स्तर से ही हल हो जायें। उन्होंने कहा कि एसडीएम , तसहीलदार व जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी यदि अपने क्षेत्र का नियमित दौरा करें तो उन्हें क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी रहेगी और वे उनका निराकरण कर सकेंगे। अतः ये अधिकारी अधिकाधिक दौरे करें और अपने अधिनस्थ अमले से ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी लेकर उनका निराकरण करें। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने कहा कि तहसील स्तर पर हल हो सकने योग्य समस्या का एसडीएम ही निराकरण करें तथा जिला स्तर पर केवल वे ही शिकायत आनी चाहिए जो कि कलेक्टर स्तर पर ही हल की जा सकती है। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि वे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी व विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर हर सप्ताह पेयजल आपूर्ति व विद्युत आपूर्ति की स्थिति की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने सभी एसडीएम को उनके क्षेत्र के ग्रामों के पंचायत सचिवों व पटवारियों की नियमित बैठक लेकर ग्रामीण क्षेत्र में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति पता लगाने तथा प्राप्त समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में आयुक्त नगर निगम व लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि वे शहर का संयुक्त भ्रमण करें और खण्डवा शहर की सड़कों की स्थिति देखें तथा वर्षा पूर्व शहर की सड़कों की मरम्मत करायें। उन्होंने अधीक्षण यंत्री विद्युत वितरण कम्पनी को निर्देश दिए कि विद्युत देयक भुगतान न होने की स्थिति में भी किसी पेयजल योजना का विद्युत कनेक्शन न काटा जाये। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाये कि बिजली कनेक्शन के कारण कोई पेयजल योजना बंद न हो। उन्होंने परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण को शहरी क्षेत्र में संचालित योजनाओं की प्रगति तथा शहरी क्षेत्र में पेयजल उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा करने के लिए कहा।
राजस्व अधिकारी अपने न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का समय सीमा में करें निराकरण
कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में लंबित व निराकृत राजस्व प्रकरणों के निराकरण की विस्तार से समीक्षा की तथा सभी एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदारों को राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के समय सीमा में निराकरण के लिए कहा। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत राजस्व विभाग के जो आवेदन समय सीमा में निराकृत नही होंगे तो इसके लिए जिम्मेदार राजस्व अधिकारियों पर अर्थदण्ड तो लगाया ही जायेगा, साथ ही उनके वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन में भी इसे अंकित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि एसडीएम अपने क्षेत्र में कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करें तथा अधीनस्थ अधिकारियों की नियमित बैठक लेकर योजनाओं की समीक्षा करें। कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने बैठक में निर्देश दिए कि राजस्व विभाग के रीडर्स व कम्प्यूटर ऑपरेटर्स को भी राजस्व अधिकारियों के साथ आरसीएमएस पोर्टल संचालन का प्रशिक्षण दिलाया जायें। उन्होंने राजस्व नक्शों के डिजिटाइजेशन के लिए भी अधीक्षक भू अभिलेख को निर्देश दिए।
No comments:
Post a Comment