AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Tuesday, 4 June 2019

जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

खण्डवा 4 जून, 2019 - शासन के निर्देषानुसार प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका शासकीय कार्यालयों में निराकरण किया जाता है। इसी क्रम में आज नवागत कलेक्टर श्रीमती तन्वी सुन्द्रियाल ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपनी समस्याओं के आवेदन लेकर आए विभिन्न नागरिकों की समस्याएं सुनी और उनके त्वरित निराकरण के लिए मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देष दिए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी.के. नागेन्द्र, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. इवने सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण मौजूद थे। 
जनसुनवाई में ग्राम रोहणी के ग्रामीणों ने गांव की पेयजल समस्या के बारे में कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल को बताया कि, जिस पर उन्होंने जनपद खण्डवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को तत्काल समस्या का हल करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गिट्टी खदान तथा अमलपुरा की एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने अपने गांव में पेयजल समस्या के बारे में कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को आज ही इन गांवों का दौरा कर पेयजल समस्या निराकरण के लिए कहा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों द्वारा संबंधित गांव के दौरा कर बताया कि गिट्टी खदान क्षेत्र में 3 में से 2 हेण्डपम्प खराब थे तथा एक हेण्डपम्प ही चालू था,  जिसमें से 1 अन्य चालू होने योग्य हेण्डपम्प बुधवार सुबह तक सुधार दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि ग्राम पिपल्या तहार में सिंगल फेस मोटर भी बुधवार सुबह तक पेयजल स्त्रोत से जोड़कर गांव की पेयजल समस्या हल कर दी जायेगी। 
ग्राम माथनी खालवा निवासी गज्जू ने अपने कपिल धारा कूप निर्माण के बाद भी राशि का भुगतान न होने की शिकायत कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल से की, जिस पर उन्होंने 7 दिवस में आवेदक को राशि का भुगतान कराने के लिए जिला पंचायत के सीईओ को भुगतान कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम केनूद की जमनाबाई पति रूकसिंह ने आवेदन देकर बताया कि उसकी भूमि का भूअर्जन तो कर लिया गया लेकिन भुगतान अभी तक नही मिला है, जिस पर कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने संबंधित एजेंसी को भूअर्जन का भुगतान तत्काल कराने के निर्देश दिए। ग्राम जामलीकला के श्री नर्सिंग ने अपने गांव में सीसी रोड बनवाने के लिए आवेदन कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल को दिया, जिस पर उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को आदिवासी बस्ती विकास योजना के तहत गांव में सीसी रोड बनवाने के निर्देश दिए। तहसील खण्डवा के ग्राम धरमपुरी निवासी दगडईबाई ने बिजली का बिल अधिक आने की शिकायत कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल से की, जिस पर उन्होंने कार्यपालन यंत्री विद्युत वितरण कम्पनी को मामले की जांच कर संशोधित बिल जारी करने के निर्देश दिए। ग्राम सुरगांव राठौर के ग्रामीणों ने पेयजल स्त्रोत की मोटर जल जाने की शिकायत की, जिस पर उन्होंने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सिंगल फेस मोटर आज ही गांव के पेयजल स्त्रोत में लगवाने के निर्देश दिए। खण्डवा निवासी आयुषी गीते ने अपने पिता श्री विरेन्द्र गीते की बायपास सर्जरी के बाद उपचार हेतू मदद  की मांग की, जिस पर कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवेदक की मदद करने के लिए कहा। जनसुनवाई में प्रेमचंद मोरे एवं गुलाब बाई निवासी सतवाड़ा तथा कमला बाई निवासी मथेला एवं सुमनबाई निवासी भामगढ  ने कलेक्टर श्रीमती सुन्द्रियाल को आवेदन देकर कहा कि उन्हें वृद्धावस्था पेंशन नही मिल रही है, जिस पर उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खण्डवा को इन आवेदकों की पात्रता का परीक्षण कर पात्रता अनुसार वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। 

No comments:

Post a Comment