Monday, 8 April 2019

शांति समिति की बैठक सम्पन्न

शांति समिति की बैठक सम्पन्न

खण्डवा 8 अप्रैल, 2019 - आगामी दिनों में मनाए जाने वाले रामनवमी, महावीर जयंती, गुड फ्रायडे, हनुमान जयंती तथा शब ए बारात पर्वो को ध्यान में रखते हुए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा सहित शांति समिति के सदस्यगण मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने निर्देश दिए कि धार्मिक चल समारोह व अन्य आयोजनों के लिए विधिवत अनुमतियां ली जाये तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग के लिए भी अलग से अनुमति ली जाये। उन्होंने कहा कि सभी धार्मिक चल समारोह परम्परागत मार्ग से होकर ही गुजरे यह सुनिश्चित किया जाये। 
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि धार्मिक पर्वो के दौरान शहर में साफ सफाई तथा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था ठीक की जायें। उन्होंने गणगौर घाट पर भी सफाई व प्रकाश की व्यवस्था करने के गौताखोर व तैराकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी बैठक में दिए। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने एसडीएम व सीएसपी को रामनवमी के चल समारोह के आयोजकों की थाना स्तर पर अलग से बैठक आयोजित करने के लिए भी कहा है। उन्होंने आरटीओ व आबकारी के अधिकारियों को धार्मिक त्यौहारों के अवसर पर शहर के विभिन्न हिस्सों में चेक पोस्ट स्थापित करके शराब पीकर व तेज गति से वाहन चलाने वाले पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी धार्मिक कार्यक्रमों के चल समारोह में मतदाता जागरूकता संबंधी प्रचार प्रसार करने के लिए भी कहा। उन्होंने धार्मिक चल समारोह में एक से अधिक वीडियो कैमरे लगाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश भी बैठक में दिए। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रामनवमी के अवसर पर आयोजित होने वाले भण्डारों में परोसी जाने वाली सामग्री का परीक्षण समय समय पर करते रहे। 
पुलिस अधीक्षक श्री बहुगुणा ने इस दौरान उपस्थित सदस्यों से कहा कि फेसबुक, वॉटसअप व सोशल मीडिया के अन्य माध्यमों से कोई भी विवादास्पद संदेश प्रसारित न किया जाये। यदि कोई ऐसे संदेश प्रसारित करता है तो फारवर्ड न करे, बल्कि उसकी सूचना निकटतम पुलिस थाने में दें। उन्होंने कहा कि सभी धार्मिक पर्व परम्परागत तरीके से आपसी सद्भाव व भाईचारे के साथ मनाए जायें। पुलिस अधीक्षक श्री बहुगुणा ने बैठक में कहा कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग की अनुमति प्रातः 6 से रात्रि 10 बजे तक की अवधि के लिए ही दी जायेगी।

No comments:

Post a Comment