Monday, 8 April 2019

पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी निष्पक्षतापूर्वक चुनाव सम्पन्न करायें - कलेक्टर श्री गढ़पाले

पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी निष्पक्षतापूर्वक चुनाव सम्पन्न करायें - कलेक्टर श्री गढ़पाले
लोकसभा निर्वाचन के लिए मतदान दलों को दिया गया प्रशिक्षण

खण्डवा 8 अप्रैल, 2019 - लोकसभा निर्वाचन के लिए आगामी 19 मई को जिले के पंधाना, मांधाता व खण्डवा विधानसभा क्षेत्रों में तथा 6 मई को हरसूद विधानसभा क्षेत्र में मतदान सम्पन्न होगा। विभिन्न मतदान केन्द्रों पर मतदान सम्पन्न कराने के लिए नियुक्त पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी क्रमांक 1 को स्थानीय एम.एल.बी. कन्या उ.मा.वि. तथा मोतीलाल नेहरू उ.मा.वि. में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशेष गढ़पाले ने सोमवार को एम.एल.बी. स्कूल पहुंचकर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को देखा तथा वहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे मतदान दलों के सदस्यों से कहा कि वे प्रशिक्षण में बताई बातों को अच्छी तरह याद रखे तथा प्रशिक्षिकों से अधिक से अधिक प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त करें। इसके अलावा उन्हें दी गई पुस्तिका का अच्छी तरह अध्ययन भी करे। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी प्रशिक्षण श्री एस.एल. सिंघाड़े तथा जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री आर.एस. सलूजा भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने प्रशिक्षार्थी मतदान दलों के सदस्यों से प्रश्न पूछे। उन्होंने उपस्थित सभी पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान वे निष्पक्ष व निडर रहकर कार्य करे। उन्होंने इस दौरान कहा कि सभी को आज प्रशिक्षण के बाद लिखित परीक्षा भी देना होगी तथा उसमें अच्छे अंकों से उत्तीर्ण भी होना होगा, अन्यथा दोबारा ट्रेनिंग लेना पड़ेगी। इस दौरान कलेक्टर श्री गढ़पाले ने उपस्थित प्रशिक्षार्थियों से पीठासीन अधिकारी की डायरी भरने का प्रशिक्षण भी अच्छी तरह से लेने के लिए कहा। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से मॉकपोल की प्रक्रिया व ईव्हीएम मशीन की सीलिंग प्रक्रिया के संबंध में पूछताछ की। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने इस दौरान पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के दिन मतदान से पूर्व निर्धारित समय पर मॉकपोल अवश्य सम्पन्न कराये तथा यह ध्यान रखे की मॉकपोल के समय विभिन्न अभ्यार्थियों के मतदान एजेंट भी उपस्थित रहे। सभी मतदान एजेंटों के निर्धारित प्रपत्र पर हस्ताक्षर करा लें। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी यह जरूर ध्यान रखे कि ईव्हीएम से मॉकपोल के दौरान डाले गए वोट मॉकपोल के बाद क्लियर जरूर कर किए जायेें। इसी तरह मतदान सम्पन्न होने के बाद शाम को ई.व्ही.एम. मशीन का क्लोज बटन जरूर दबा दें।

No comments:

Post a Comment