छात्रा की मौत के मामले में जांच के आदेश
खण्डवा 4 जनवरी, 2019 - जिले के खालवा विकासखण्ड के ग्राम रोशनी में स्थित एकलव्य छात्रावास में अध्ययनरत् कक्षा 11 की छात्रा कुमारी गुंजा पुत्री प्रकाश आदिवासी निवासी ग्राम जामली विकासखण्ड पंधाना, की मृत्यु गुरुवार रात्रि में ब्रेन हेम्बरेज से हो गयी थी। प्रभारी कलेक्टर श्री डी के नागेंद्र ने इस मामले की जांच के निर्देश एस डी एम हरसूद को दिये हैं। उन्होंने मृत छात्रा के परिजनों को 10 हजार रु. की आर्थिक मदद के निर्देश भी सम्बंधित अधिकारियों को दिये हैं। प्रभारी कलेक्टर श्री नागेंद्र ने जिला अस्पताल में उपचार के लिये भर्ती एक अन्य छात्रा व उसके परिजनों से भेंट कर उसके समुचित उपचार के निर्देश सिविल सर्जन डा. ओ पी जुगतावत को दिये । उन्होंने छात्रावास में विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित कर शनिवार को सभी छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण करवाने के निर्देश भी दिये हैं।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री नीलेश रघुवंशी ने बताया कि गुरुवार को छात्रा कुमारी गुंजा ने दोपहर में अधीक्षिका रेणू चैहान को सिरदर्द की शिकायत की। अधीक्षिका द्वारा उसे ग्राम रोशनी में पदस्थ शासकीय चिकित्सक के पास स्वास्थ्य परीक्षण के लिए ले जाया गया, जहां से चिकित्सक ने दवाईयां दी एवं जिला अस्पताल खण्डवा में कुमारी गुंजा का स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी, जिस पर अधीक्षिका ने उसी दिन शाम को जिला अस्पताल खण्डवा में छात्रा को भर्ती करा दिया तथा बालिका के पिता को इसकी सूचना दी। छात्रा के पिता ने खण्डवा आकर छात्रा को जिला अस्पताल से छुट्टी कराकर निजी नर्सिंग होम हिन्दूजा हाॅस्पिटल में भर्ती करा दिया, जहां रात्रि में छात्रा कु. गुंजा की ब्रेन हेम्बरेज से मृत्यु हो गई।

No comments:
Post a Comment