मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का कार्य समय सीमा में पूर्ण करें
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बैठक में सभी एसडीएम व तहसीलदार को दिए निर्देश
खण्डवा 7 जनवरी, 2019 - आगामी लोकसभा चुनाव के लिये 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाये जाये, इसके लिए महाविद्यालयों व उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यो के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाये, ताकि कोई भी युवा इस मतदाता सूची में जुड़ने से शेष न रहे। यह निर्देश कलेक्टर श्री विशेष गढ़पाले ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए। उन्होंने बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी तथा एस.एन. काॅलेज व जिले के अन्य महाविद्यालयों के प्राचार्यो से भी इस अभियान में रूचि लेकर कार्य करने के लिए कहा। इस दौरान बैठक में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. इवने, सहित विभिन्न जिला अधिकारीगण मौजूद थे।
कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बैठक में कहा कि जिले की महिला अधिकारी अपने भ्रमण के दौरान विभागीय कार्यो के साथ साथ कन्या छात्रावासों का निरीक्षण भी करें तथा वहां की छात्राओं से चर्चा कर समस्याओं व बालिकाओं की परेशानियों की जानकारी लें तथा उनके निराकरण के लिए जिला प्रशासन को अवगत करायें। साथ ही उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे हर महीने छात्रावासों में निवासरत् विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर की व्यवस्था करें। उन्होंने इस कार्य के लिए विधिवत रोस्टर तैयार करने के निर्देश भी डाॅ. खण्डेलवाल को दिए। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि किसी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में यदि चिकित्सक की लापरवाही प्रतीत हो तो उसके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करें। उन्होंने बैठक में निर्देश दिए कि जिन विभागों में अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरण लंबित है उनके तत्काल निराकरण कराकर संबंधित परिवार के सदस्य को पात्रता अनुसार अनुकम्पा नियुक्ति दिलाई जाये।
बैठक में कलेक्टर श्री गढ़पाले ने सभी तहसीलदार को निर्देश दिए कि 16 फरवरी को राजस्व लोक अदालत आयोजित होगी, इसके अलावा जिला स्तर से आयोजित राजस्व समस्या निवारण शिविरों के लिए भी आवश्यक तैयारी करे तथा प्रयास करे कि इन शिविरों में अधिक से अधिक नागरिकों की राजस्व संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जाये। उन्होंने सभी एसडीएम को जाति प्रमाण के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गढ़पाले ने बैठक में सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे अपने अपने क्षेत्र में रोजगार गारंटी के तहत तालाबों का निर्माण करें, साथ ही मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने आगामी 12 जनवरी आयोजित होने वाले सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
No comments:
Post a Comment