वन मंत्री डॉ. शाह ने ग्राम साल्याखेड़ा का किया दौरा
खण्डवा 12 जून, 2021 - प्रदेश के वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने शनिवार को ग्राम साल्याखेड़ा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 3 माह का राशन ग्रामीणों को निःशुल्क दिया जाएगा। उन्होंने आपूर्ति अधिकारी व सचिव को निर्देश दिए कि ग्राम में जिन पात्र लोगों के राशन कार्ड नहीं बनाए गए है, उनके कार्ड बनाएं जाये और उन्हें लाभ दिया जाए। वन मंत्री डॉ. शाह ने खालवा ब्लॉक के ग्राम साल्याखेड़ा में ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी और समस्याओं का समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां से पानी आता था वह सूख रहा है और फिर से नया ट्यूबवेल खुदवाया जाएगा तथा पुराने ट्यूबवेल में मोटर डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि कुआं अधिग्रहण कर गांव में पानी सप्लाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। माताजी चौक साल्याखेड़ा में 3 इंच पाइप लाइन व 10 हॉर्स पावर की मोटर डालकर श्रीराम के कुएं से 1 सप्ताह में पानी सप्लाय करने की कार्रवाई की जाएं। मंत्री डॉ. शाह ने कहा की 3 साल के अंदर सभी खेतों में सिंचाई के लिए पानी दिया जाएगा। इसके लिए 648 करोड़ रूपए सिंचाई के लिए मंजूरी की है। उन्होंने कहा कि ग्राम चारखेड़ा से पानी लाया जाएगा। हर खेत में 2 इंच का वॉल्व दिया जाएगा। इस योजना से 59 गावों की 2500 एकड़ जमीन सिंचित होगी। उन्होंने कहा कि ग्राम साल्याखेड़ा में 10 लाख की लागत की उचित मूल्य दुकान बनने की मंजूरी प्रदान की है। उन्होंने ग्राम वासियों से टीकाकरण कराने की अपील भी की। इस दौरान डीएफओ, एसडीओपी श्री रविन्द्र वास्कले, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान, सीईओ जनपद खालवा श्री उइके, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सरपंच, सचिव व वन विभाग के रेंजर सहित विभिन्न अधिकारी व जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।


No comments:
Post a Comment