Thursday, 18 March 2021

अधिकारियों को स्थानीय निकायों के निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण दिया गया

 अधिकारियों को स्थानीय निकायों के निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण दिया गया

खण्डवा 18 मार्च, 2021 - स्थानीय निकायों के आम निर्वाचन 2021 की तैयारियों के संबंध में  निर्वाचन अधिकारियों को गुरूवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य निर्वाचन आयोग के कुशल प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान आयोग के सचिव श्री दुर्ग विजय सिंह भी मौजूद थे।  प्रशिक्षण के दौरान खण्डवा कलेक्ट्रेट के वीडियो कान्फ्रेंसिंग कक्ष में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एस.एल. सिंघाड़े, एसडीएम हरसूद डॉ. परीक्षित झाडे, संयुक्त कलेक्टर श्री प्रमोद पाण्डे, एसडीएम पंधाना श्रीमती आरती सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अनुभा जैन सहित जिले की विभिन्न तहसीलों के तहसीलदार भी मौजूद थे। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के मास्टर ट्रेनर्स ने निर्वाचन की घोषणा से लेकर नाम निर्देशन-पत्रों की प्राप्ति, संवीक्षा, प्रतीक आवंटन और आदर्श आचरण संहिता के बारे में जानकारी दी। इस दौरान प्रशिक्षकों ने बताया कि नगरीय निकाय निर्वाचन में नाम निर्देशन पत्र जमा करते समय आवेदक का जाति प्रमाण पत्र संलग्न होना अनिवार्य है।

आयोग के कुशल प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण में समझाया कि यदि किसी पद के लिए एक ही नाम निर्देशन पत्र अंतिम तिथि तक जमा होता है तो उस पद का निर्विरोध निर्वाचन हो जाता है, लेकिन यदि किसी पद के लिए एक से अधिक नाम निर्देशन पत्र जमा होते है, लेकिन संवीक्षा के दौरान केवल एक ही नाम निर्देशन स्वीकृत होता है एवं अन्य नाम निर्देशन पत्र तकनीकी कारणों से यदि निरस्त हो जाते है तो उसे निर्विरोध नही कहा जायेगा, बल्कि इसका फिर से पुनरीक्षण वरिष्ठ अधिकारी द्वारा किया जायेगा। पंच, सरपंच पद के लिए पुनरीक्षण अधिकारी संबंधित क्षेत्र का एसडीएम रहेगा, जबकि जनपद पंचायत सदस्य के मामले में पुनरीक्षण अधिकारी जिले का कलेक्टर रहेगा। पुनरीक्षण के लिए पुनरीक्षण अधिकारी को एक दिन का समय दिया जायेगा। यदि अगले दिन शासकीय अवकाश रहता है तो अवकाश के दिन ही पुनरीक्षण की कार्यवाही करना होगी। 

       प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स डॉ. समीरा नईम और श्री अजय काले ने निर्वाचन की घोषणा के बाद की जाने वाली कार्यवाही और आदर्श आचरण संहिता के बारे में बताया। श्री दीपक पाण्डे ने प्रशिक्षण के दौरान नाम निर्देशन-पत्रों की प्रस्तुति, संवीक्षा, और प्रतीक आवंटन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। प्रशिक्षण में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आई.ई.एम.एस. सहित निर्वाचन संबंधी अन्य आई.टी.टूल्स और एप्लीकेशन के बारे में भी जानकारी दी गयी। इस दौरान उप सचिव श्री अरूण परमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment