Wednesday, 17 March 2021

मिशन ग्रामोदय कार्यक्रम में सवा लाख परिवारों का गृह प्रवेश 18 मार्च को

 मिशन ग्रामोदय कार्यक्रम में सवा लाख परिवारों का गृह प्रवेश 18 मार्च को
धार में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री श्री शाह और श्री तोमर वर्चुअली शामिल होंगे

खण्डवा 17 मार्च, 2021 - मिशन ग्रामोदय के तहत प्रदेश के सवा लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास की सौगात दी जाकर गृह प्रवेश कराया जायेगा। मिशन ग्रामोदय का यह मुख्य कार्यक्रम 18 मार्च को धार जिला मुख्यालय पर प्रातः 11 बजे मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की विशेष उपस्थिति में होगा। इन सवा लाख आवासों की लागत 1562 करोड़ रूपये है। साथ ही ग्रामीण विकास विभाग के साढ़े 10 हजार से अधिक सामुदायिक निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी होगा। इनमें 6 हजार सामुदायिक स्वच्छता परिसर, 2 हजार खेल मैदान, 2 हजार शांति धाम और 634 पंचायत भवन शामिल हैं।मिशन ग्रामोदय के इस कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और ग्रामीण  विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर वर्चुअली शामिल होंगे। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया और राज्य मंत्री श्री रामखेलावन पटेल भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि प्रदेश में इतनी बड़ी संख्या में गृह प्रवेश कराये जाने का यह दूसरा बड़ा आयोजन है। इससे पूर्व 12 सितम्बर को भी मध्यप्रदेश के 1.75 लाख हितग्राहियों को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में गृह प्रवेश कराया जा चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीब परिवारों के लिये यह आवास कोरोना काल के दौरान निर्मित हुए हैं। मध्यप्रदेश में कोरोना काल की चुनौतियों से निपटते हुए 3 लाख से अधिक आवास निर्मित किये गये हैं। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सन 2022 तक देश के सभी आवासहीन परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ‘‘सबको आवास 2022‘‘ का लक्ष्य हासिल करने के लिये मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण लागू की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना में मध्यप्रदेश के लगभग 18 लाख 48 हजार ग्रामीण परिवारों को अपना घर मिल चुका है। यह सभी ऐसे परिवार थे, जिनके पास घर नहीं थे अथवा कच्चे जीर्ण-शीर्ण घरों में रहते थे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के 5 लाख हितग्राहियों को 2 हजार करोड़ राशि की विमुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू की जायेगी। प्रधानमंत्री आवास के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं में निर्मित 10 हजार 634 अन्य सामुदायिक निर्माण कार्य जैसे स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत 180 करोड़ की लागत के 6 हजार सामुदायिक स्वच्छता परिसर, 86 करोड़ 96 लाख की लागत के 634 पंचायत भवन, मनरेगा में निर्मित 2 हजार खेल मैदान तथा 2 हजार शांति धामों का लोकार्पण भी इस कार्यक्रम में किया जायेगा।

No comments:

Post a Comment