AAPKI JIMMEDARI

AAPKI JIMMEDARI

Wednesday, 9 December 2020

सौर ऊर्जा का उपयोग करें और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें

 सौर ऊर्जा का उपयोग करें और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें
सौलर मेन ऑफ इंडिया डॉ. चेतन सिंह सोलंकी ने किया आव्हान


खण्डवा 9 दिसम्बर, 2020 - प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन के कारण पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है तथा वातावरण का तापमान ग्रीन हाउस प्रभाव के कारण लगातार बढ़ रहा है। यदि इसी गति से वातावरण का तापमान बढ़ता रहा और ग्लोबल वार्मिंग की यह प्रक्रिया चलती रही तो आने वाले वर्षो में ध्रुवो की बर्फ पिघलेगी और समुद्र तथा नदियों का जल स्तर बढ़ेगा। आज आवश्यकता ऊर्जा संरक्षण की है, क्योंकि वायुमण्डल में कार्बन डाई आक्साइड की मात्रा लगातार बढ़ती जा रही है, इसे रोकने के लिए सबसे अच्छा विकल्प सौर ऊर्जा ही है। आने वाली पीढि़यों के बेहतर भविष्य के लिए सौर ऊर्जा अपनाएं। यह अपील सौलर मेन ऑफ इंडिया डॉ. चेतन सिंह सोलंकी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों की बैठक में की। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री श्रेयांश कुमट, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री गुरमीत सिंह उबेजा तथा अन्य संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

सौलर मेन ऑफ इंडिया डॉ. सोलंकी ने कहा कि हम विकास तो कर रहे है, लेकिन सुविधाओं में वृद्धि के साथ साथ वातावरण में प्रदूषण भी बढ़ा रहे है। उन्होंने कहा कि आज के युग में एयर कंडिशनर रेफ्रिजरेटर आदि के उपयोग से वातावरण का तापमान बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मॉडर्न व्यक्ति दुनिया का सबसे खतरनाक सबसे मूर्ख प्राणी है, जो कि प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन कर वातावरण को प्रदूषित कर रहा है तथा प्राकृतिक संतुलन को बिगाड़ रहा है। आज हमारी आय जिस दर से बढ़ती जा रही है हम संसाधनों का दुरूपयोग कर प्रदूषण भी उसी दर से बढ़ाते जा रहे है। सौलर मेन ऑफ इंडिया डॉ. सोलंकी ने बताया कि आईआईटी मुम्बई में प्रोफेसर है तथा सौलर एनर्जी विषय में पीएचडी की है, इस विषय पर अनेकों पुस्तके लिखी है। उन्होंने बताया कि वे अगले 11 वर्षो तक ऊर्जा स्वराज यात्रा के तहत सौलर एनर्जी वेन में लगातार यात्रा कर नागरिकों को कार्बन उत्सर्जन कम से कम करने तथा सौर ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने बताया कि वे अपनी यात्रा के दौरान भोपाल, विदिशा, इंदौर, खरगोन होते हुए खण्डवा आयें है तथा अगला पडाव हरदा जिले में होगा। डॉ. सोलंकी ने बताया कि वे देश के विभिन्न भागों में जाकर सभी को सौर ऊर्जा का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।

No comments:

Post a Comment