ब्लैक एण्ड व्हाइट फोटो वाले कार्ड के स्थान पर रंगीन परिचय पत्र बनवाएं
18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वायें
खण्डवा 21 दिसम्बर, 2020 - फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2021 कार्यक्रम चलाया जा रहा है। फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत दिनांक 1 जनवरी 2021 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले सभी नवीन मतदाताओं के नाम जोड़े जाना हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एस.एल. सिंघाड़े ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके पास भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पूर्व में जारी ब्लैक एंड व्हाइट मतदाता परिचय पत्र है, तो वे अपने रंगीन फोटो जमा कर रंगीन मतदाता परिचय पत्र बनवा सकते है। इसके लिए मतदाताओं को निकटतम मतदान केन्द्र पर जाकर बीएलओ को 24 दिसम्बर तक प्रारूप 8 में आवेदन पत्र रंगीन फोटो के साथ जमा कराना होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एस.एल. सिंघाड़े ने बताया कि दिनांक 1 जनवरी 2021 को 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले मतदाताओं से आग्रह है कि वे अपना आवेदन पत्र प्रारूप 6 में अपनी फोटो एवं जन्म तिथि प्रमाण हेतु अंक सूची की छायाप्रति, बिजली के बिल की छायाप्रति एवं अपने परिवार के सदस्य की मतदाता परिचय पत्र की छायाप्रति सहित आवेदन पत्र अपने क्षेत्र के निकटतम मतदान केन्द्र पर बी.एल.ओ. के पास जमा कराना होंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंघाड़े ने इस संबंध में हायर सेकेण्डरी स्कूल व महाविद्यालयों के प्राचार्यो को ऐसे सभी छात्र-छात्राओं के नाम 24 दिसम्बर तक मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए प्रेरित करने हेतु कहा है। ऐसे नए मतदाता जिनकी आयु 1 जनवरी 2021 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voterportal.eci.gov.in के माध्यम से भी अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
No comments:
Post a Comment