Wednesday, 9 December 2020

कोचिंग संस्थानों व शिक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक सम्पन्न

 कोचिंग संस्थानों व शिक्षण संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक सम्पन्न

खण्डवा 9 दिसम्बर, 2020 - कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाएं आगामी 31 मार्च तक के लिए स्थगित की गई है तथा गृह विभाग द्वारा जारी निर्देश अनुसार कक्षा 9वी से 12वी के विद्यार्थियों की कक्षाएं प्रारंभ की जाना है। कक्षा 10वी व 12वी की परीक्षाएं निर्धारित समय पर सम्पन्न हो तथा ये कक्षाएं नियमित रूप से लगे। इसके लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थाओं व कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री संजीव भालेराव सहित शासकीय व अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य व प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक में तय किया गया कि सभी स्कूलों में बच्चे मास्क लगाकर ही आये तथा पानी की बोतल अपने साथ लाये और कक्षा में एक निश्चित स्थान पर ही बैठे। स्कूलों में सामूहिक गतिविधियां न की जाये तथा दो बच्चों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाये। शाला में साफ सफाई व सेनेटाइजेशन नियमित रूप से हो तथा स्कूलों में हाथ धोने की पर्याप्त व्यवस्था की जाये। स्कूलों से उपयोग किए गए मास्क व अन्य संक्रमित कचरा एकत्र करने के लिए नगर निगम व्यवस्था करें तथा इन्हें एकत्र करने के लिए डस्टबिन की व्यवस्था की जाये। स्कूलों के छात्रावासों में भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाये। सभी विद्यार्थियों के पालकों से बच्चों को स्कूल भेजने की सहमति ली जाये। अपर कलेक्टर श्रीमती कुशरे ने सभी प्राचार्य को निर्देश दिए कि कक्षा 10वी व 12 वी की परीक्षा आवश्यक रूप से सम्पन्न होगी, इन कक्षाओं के विद्यार्थी नियमित अध्ययन करें यह सुनिश्चित किया जाये। स्कूलों के लिए दिए गए सुझाव कोचिंग संस्थानों के लिए भी लागू रहेंगे।

No comments:

Post a Comment