Wednesday, 9 December 2020

लघु उद्योग निगम का सभी कार्य आन-लाइन हुआ

 लघु उद्योग निगम का सभी कार्य आन-लाइन हुआ

खण्डवा 9 दिसम्बर, 2020 - मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम की 2 नई बेवसाइट से अब निगम के सभी कामकाज ऑनलाइन हो गए है। पिछले दिनों निगम की वेबसाईट mplun.mpmsme.gov.in प्रोक्योरमेंट पोर्टल https://eproclun.mpmsme.gov.in का लोकार्पण किया गया था। निगम के प्रबंध संचालक श्री भास्कर लक्षकार ने बताया कि लघु उद्योग निगम द्वारा विकसित कराये गये पोर्टल में प्रोक्योरमेंट के संबंध में शुरू से अंत तक का समाधान उपलब्ध है। पोर्टल पर उपलब्ध डेश बोर्ड के माध्यम से प्रदायकर्ता एवं निगम द्वारा अपनी गतिविधियों का संपादन, पर्यवेक्षण आदि किया जा सकता है। निगम के माध्यम से प्रदाय की जाने वाली सामग्रियों के दर निर्धारण हेतु एन आई सी के पोर्टल mp tenders.in का उपयोग किया जा रहा है एवं समस्त निविदायें इसी पोर्टल पर आमंत्रित की जा रही हैं।

पोर्टल पर उपलब्ध दर अनुबंध के आधार पर क्रयकर्ता विभाग व प्रदायकर्ताओं का चयन कर उन्हें प्रदाय आदेश जारी कर सकेंगे। प्रबंध संचालक ने बताया कि सामग्री की प्राप्ति के उपरांत प्रदायकर्ता एवं क्रयकर्ता विभाग द्वारा सामग्री प्राप्ति रसीद भी पोर्टल पर अपलोड की जा सकती हैं। निगम द्वारा प्रदाय आदेश जारी करने से लेकर सामग्री की प्राप्ति तक समस्त प्रक्रिया ऑनलाइन की जाकर मानवीय हस्तक्षेप को न्यूनतम करने का प्रयास किया गया है। इस तरह निगम प्रोक्योरमेंट से संबंधित संपूर्ण गतिविधि हेतु ऑनलाइन पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित की गई है। 

No comments:

Post a Comment