स्वास्थ्य कार्यक्रमों में लापरवाही बरतनें वाले अधिकारियों पर होगी कार्यवाही
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में दिए निर्देश
खण्डवा 15 अक्टूबर, 2020 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करायें तथा स्वास्थ्य विभाग से जननी सुरक्षा योजना, पोषण पुनर्वास केन्द्र तथा परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत हितग्राहियों को समय पर भुगतान किया जाये। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के राष्ट्रीय कार्यक्रमों में राज्य स्तर से निर्धारित लक्ष्य अनुसार प्रगति सुनिश्चित करे। इन कार्यक्रमों में कम प्रगति पाए जाने पर संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों के वेतन काटने की कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण आहार वितरण तथा पोषण पुनर्वास केन्द्रों में कुपोषित बच्चों को भर्ती कराने के कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में निर्देश दिए कि स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास के विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी हर माह में दो बार अपने फील्ड स्टॉफ के साथ संयुक्त बैठक कर अपने अपने कार्यक्रमों की समीक्षा करें तथा पोषण पुनर्वास केन्द्र का संयुक्त निरीक्षण करें।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती आरती सिंह, सिविल सर्जन डॉ. ओ.पी. जुगतावत सहित स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के विकासखण्ड एवं सेक्टर स्तरीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम, दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम व पुनरीक्षित क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, परिवार कल्याण कार्यक्रम की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने बैठक में कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण आहार वितरण का रिकार्ड सही ढंग से संधारित करें तथा सीडीपीओ स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करे। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आरती सिंह को निर्देश दिए कि पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती बच्चों की माताओं से फोन पर चर्चा कर पता लगाए कि उन्हें केन्द्र से डिस्चार्ज होने के बाद राशि का भुगतान हुआ की नहीं। परिवार कल्याण कार्यक्रम में हरसूद व खालवा में प्रगति अत्यंत कम होने पर वहां के विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश भी उन्होंने दिए। उन्होंने अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत नेत्र शिविर आयोजित करने के लिए भी कहा। पुनरीक्षित क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जावर, मूूंदी व पंधाना में संदिग्ध मरीजों की खखार की जांच के सेम्पल कम संख्या में लेने पर पंधाना, जावर व मूंदी के बीएमओ का वेतन काटने के निर्देश भी कलेक्टर श्री द्विवेदी ने दिए।
No comments:
Post a Comment