बाढ़ के बाद की परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन जुट जायें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंस में दिए निर्देश
खण्डवा 2 सितम्बर, 2020 - प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि गत दिनों हुई अतिवृष्टि व बाढ़ से उत्पन्न परिस्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन की टीम तत्परता से कार्य कर बाढ़ पीडि़तों को तत्काल राहत दिलायें। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हर संभव मदद दिलवाई जायेगी। उन्होंने बाढ़ के कारण बिजली की लाइनों की मरम्मत तत्काल कराने, अतिवृष्टि के कारण मौसमी बीमारी फैलने से रोकने, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने के लिए सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें, ताकि सभी पात्र परिवारों को राहत दिलाई जा सके। इस दौरान कलेक्ट्रेट खण्डवा में कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोशन कुमार सिंह के साथ साथ अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, उप संचालक कृषि, अधीक्षण यंत्री विद्युत वितरण कम्पनी व नगर निगम आयुक्त सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे। प्रदेश के मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस ने इस दौरान कलेक्टर्स से कहा कि बाढ़ के कारण हुई जन हानि, फसल हानि व पशु हानि के मामलों में राजस्व व कृषि विभाग के संयुक्त दल तत्काल सर्वे प्रारंभ करें, ताकि राजस्व पुस्तक परिपत्र व अन्य मदों में पीडि़त परिवारों को आर्थिक मदद शीघ्रता से दिलाई जा सके।
No comments:
Post a Comment