कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु सोशल डिस्टेंसिंग के प्रति जागरूकता लायें
कलेक्टर श्री द्विवेदी ने राजस्व अधिकारियों को दिए निर्देश
खण्डवा 5 सितम्बर, 2020 - कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए है कि अति वर्षा के कारण यदि कहीं मकान गिरने या अन्य तरह के नुकसान की खबर मिले तो पटवारियों को इस पर क्षति का आकलन करायें तथा पीडि़त परिवार को राहत दिलाने के उद्देश्य से प्रकरण तैयार करायें, ताकि राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत संबंधित परिवार को राहत दिलाई जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विवेक सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सीमा अलावा एवं श्री प्रकाश परिहार, एसडीएम व तहसीलदार सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए नागरिकगण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें तथा घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगायें। उन्होंने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क लगाने के प्रति नागरिकों को जागरूक करें ही साथ ही जरूरत हो तो सख्ती भी बरतें, ताकि लोगों को संक्रमण से बचाया जा सके। कलेक्टर श्री द्विवेदी ने अधिकारियों से कहा कि वे प्रयास करें कि फसल बीमा योजना का लाभ जिले का हर किसान लें, ताकि प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति होने पर क्षति पूर्ति के रूप में किसान को बीमा राशि मिल सके।
बैठक में कलेक्टर श्री द्विवेदी ने निर्देश दिए कि राजस्व व कृषि विभाग के संयुक्त दल के माध्यम से फसल निरीक्षण कराया जाये तथा फसल क्षति की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी भी कराई जाये। उन्होंने सभी एसडीएम व तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे उनके क्षेत्र में कार्यरत शासकीय कर्मचारियों के बीपीएल सूची में नाम न होने संबंधी कार्यवाही पूर्ण करें तथा इस आशय का प्रमाण पत्र भी जारी करें। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों की सूची में पात्र परिवारों के नाम जोड़ें जाये तथा अपात्रों के नाम काटने की कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा कि यह कार्य पटवारी व पंचायत सचिव के माध्यम से गांव गांव में कराया जाये।
No comments:
Post a Comment