सम्भाग के सभी जिलों में फीवर क्लीनिक्स को सुदृढ़ बनाया जाए
संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने कलेक्टर्स कान्फ्रेंस में दिए निर्देश
खण्डवा 5 सितम्बर, 2020 - संभाग के सभी जिलों में फीवर क्लीनिक्स को सुदृढ़ बनाया जाए और इनको सुचारु रूप से संचालित किया जाए। होम क्वारंटाइन अथवा संस्थागत क्वारंटाइन में रखे जाने वाले कोविड मरीजों की सतत् निगरानी हो। यह निर्देश आज संभागायुक्त इंदौर डॉ. पवन कुमार शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा आयोजित कलेक्टर कान्फ्रेंस में दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर उपस्थित थे। संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने बैठक में कहा कि अब लॉकडाउन का समय समाप्त हो गया है। सामाजिक मेलजोल एवं आवागमन बढ़ गया है। ऐसी परिस्थिति में वायरस के प्रसार की संभावना भी अधिक हो गई है। हम इसे सोशल डिस्टेंसिंग के अनुशासन और मास्क के प्रभावी उपयोग से ही रोक सकेंगे। ऐसी परिस्थिति में मास्क का उपयोग किया जाना कानूनी दृष्टि से भी सक्षम बनाएँ। इस संबंध में संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने खंडवा कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी की सराहना की, जिन्होंने खण्डवा जिले में मास्क ना पहनने वाले लोगों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की है। संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने खण्डवा जिले में मेडिकल स्टोर्स, पैथोलॉजी लेब, प्रायवेट क्लीनिक्स के माध्यम से कोरोना संदिग्ध मरीजों को चिन्हित कर उनका समय पर उपचार कराने की पहल की भी सराहना की। उन्होंने संभाग के अन्य जिलों में भी इस तरह की पहल किए जाने के लिए कलेक्टर्स से कहा। संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने स्वसहायता समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के भी निर्देश दिए। जिस पर खंडवा कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी ने बताया कि जिले में महिला स्वसहायता समूहों के माध्यम से जैविक खाद और जैविक कीटनाशक का उत्पादन किया जा रहा है।

No comments:
Post a Comment